छत्तीसगढ़
जूडियो शोरूम से सेफ उठाकर ले गए थे चोर, 4.83 लाख के साथ दो गिरफ्तार
Shantanu Roy
10 Sept 2026 9:42 PM IST

x
छग
Bilaspur. बिलासपुर। श्रीकांत वर्मा मार्ग स्थित जूडियो शोरूम में सेंध लगाकर लाखों रुपये की चोरी करने के मामले का सिविल लाइन पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की सेफ और 4 लाख 83 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने शोरूम के बेसमेंट में लगे कांच के गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया था। इसके बाद कैश ऑफिस में पहुंचकर दो दिनों की बिक्री की रकम से भरी सेफ ही उठाकर ले गए थे। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। शोरूम संचालक ने करीब एक सप्ताह पहले थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि शोरूम के बेसमेंट में लगा कांच का गेट टूटा हुआ मिला था। अंदर जाकर जांच करने पर कैश ऑफिस में रखी सेफ गायब थी। सेफ में शोरूम की दो दिनों की बिक्री से प्राप्त 4 लाख 83 हजार रुपये रखे हुए थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। बड़ी रकम की चोरी को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने सिविल लाइन थाना प्रभारी को घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच करने तथा आरोपियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
CCTV फुटेज से मिला अहम सुराग
सिविल लाइन थाना प्रभारी किशोर केंवट के मुताबिक पुलिस टीम ने सबसे पहले जूडियो स्टोर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में कुछ संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं। इसके आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान और उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटानी शुरू की। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर मुखबिरों और बीट आरक्षकों को भी सक्रिय किया गया। पुलिस की टीम लगातार संभावित संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटा रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कस्तूरबा नगर क्षेत्र में दो संदिग्ध व्यक्ति जूडियो शोरूम में हुई चोरी और उससे संबंधित सामान को लेकर बातचीत कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर की पूछताछ
पुलिस ने मौके से रमेश सिंह उम्र 40 वर्ष, निवासी सिंधी कॉलोनी कस्तूरबा नगर और पुष्पेंद्र यादव उम्र 45 वर्ष, निवासी डीपी विप्र कॉलेज के पीछे टिकरापारा को हिरासत में लिया। दोनों से शोरूम में हुई चोरी के संबंध में पूछताछ की गई। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने जूडियो शोरूम में चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने शोरूम के बेसमेंट में पहुंचकर वहां लगे कांच के गेट का ताला तोड़ा था। इसके बाद दोनों अंदर दाखिल हुए और कैश ऑफिस तक पहुंचे। कैश ऑफिस में रखी सेफ को खोलने के बजाय आरोपी उसे ही अपने साथ उठाकर ले गए। सेफ के अंदर शोरूम की दो दिनों की बिक्री की नकदी रखी हुई थी।
सेफ के साथ पूरी रकम बरामद
आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने चोरी की गई सेफ और उसमें रखी 4 लाख 83 हजार रुपये की रकम बरामद कर ली। पुलिस के मुताबिक मामले में चोरी हुई पूरी नकदी बरामद कर ली गई है। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद रमेश सिंह और पुष्पेंद्र यादव को गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक इस चोरी का खुलासा करने में CCTV फुटेज के साथ स्थानीय स्तर पर जुटाई गई सूचनाएं महत्वपूर्ण साबित हुईं। संदिग्धों की पहचान और उन्हें पकड़ने में सिविल लाइन थाने के बीट आरक्षकों की भी अहम भूमिका रही। शोरूम जैसे व्यावसायिक प्रतिष्ठान में हुई इस चोरी के बाद पुलिस ने प्रतिष्ठानों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और CCTV कैमरों को नियमित रूप से चालू रखने की आवश्यकता पर भी जोर दिया है।
Next Story





