छत्तीसगढ़

बंगाल में परिवर्तन होगा, ममता के गुंडाराज का अंत तय : CM विष्णुदेव साय

Nil dhankar
5 April 2026 3:05 PM IST
बंगाल में परिवर्तन होगा, ममता के गुंडाराज का अंत तय : CM विष्णुदेव साय
x

रायपुर/बंगाल। पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दावा किया है कि माहौल भाजपा के पक्ष में है। इस बार परिवर्तन होगा और ममता बनर्जी के गुंडाराज का अंत तय है।

रायपुर में मीडिया से बातचीत में सीएम साय ने कहा कि बंगाल में भाजपा की स्थिति बहुत अच्छी है। शनिवार को मैंने झारग्राम का दौरा किया, जहां चार विधानसभा क्षेत्रों से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों ने अपने नामांकन दाखिल किए। नामांकन रैली ऐतिहासिक थी, जिसमें लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी ने कुछ नहीं किया। लोगों को रोजगार नहीं मिला, बेटी और महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। ममता बनर्जी ने किसी भी केंद्रीय योजना का लाभ नहीं दिया। पश्चिम बंगाल में गुंडाराज, उन्होंने तो लालू राज को भी पीछे छोड़ दिया है।

सीएम साय ने कहा कि ममता बनर्जी की टीएमसी सरकार के खिलाफ जनता में गहरा गुस्सा है, क्योंकि उन्हें लगता है कि पिछले पंद्रह वर्षों में वहां कुछ भी काम नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी देश के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं, लेकिन टीएमसी सरकार पश्चिम बंगाल में केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं को लागू नहीं होने देती है। इसलिए पश्चिम बंगाल के तीव्र विकास के लिए ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली भ्रष्टाचारी टीएमसी सरकार को हटाना ही होगा। बंगाल चुनाव को लेकर भाजपा का दावा है कि इस बार टीएमसी नहीं, भाजपा की सुशासन वाली सरकार बनेगी। लोग शांति से जीवन यापन करेंगे और पीएम मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचेगा।

इसी क्रम में शनिवार को सीएम साय के अलावा उनके मंत्रिमंडल के कई मंत्रियों ने बंगाल में भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में चुनावी प्रचार किया। सीएम साय नयाग्राम, गोपीबल्लवपुर, झारग्राम एवं बिनपुर विधानसभा के भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित रोड शो में शामिल हुए। सीएम साय ने कहा कि हमें पूर्ण विश्वास है कि जनता के आशीर्वाद से पश्चिम बंगाल में परिवर्तन की इस लहर से भारतीय जनता पार्टी ऐतिहासिक जनादेश मिलेगा।

Next Story