छत्तीसगढ़

गणपति विसर्जन के दौरान 2 गुटों में हुई मारपीट, वीडियो आया सामने

Nilmani Pal
11 Sept 2025 7:17 AM IST
गणपति विसर्जन के दौरान 2 गुटों में हुई मारपीट, वीडियो आया सामने
x

रायपुर। राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाना इलाके में गणपति विसर्जन के दौरान देर शाम तनाव का माहौल बन गया। गोल चौक के पास विसर्जन यात्रा के दौरान दो गुट आपस में भीड़ गए और देखते ही देखते विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। घटना इतनी अचानक हुई कि मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी, डंडे और घूंसे-लातों से हमला कर दिया। इस झगड़े में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे तत्काल इलाज के लिए एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।मिली जानकारी के अनुसार दोनों गुट बंजारी नगर क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वे गणेश प्रतिमा का विसर्जन करने महादेव घाट जा रहे थे। इसी दौरान गोल चौक के पास किसी बात को लेकर आपसी विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के युवक एक-दूसरे पर टूट पड़े। आसपास मौजूद श्रद्धालुओं और आम नागरिकों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन दोनों गुटों की भीड़ और आक्रोश इतना ज्यादा था कि मारपीट थमने का नाम ही नहीं ले रही थी।


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, झगड़े में आरोपी पक्ष के युवक राजा कामड़े, अंकुश कामड़े, सिद्धार्थ, कृष्णा समेत अन्य शामिल थे। उन्होंने मिलकर पीड़ित पक्ष के प्रतीक और टोबू टांडी समेत अन्य युवकों पर हमला कर दिया। हमलावरों के हाथों में लाठी-डंडे और कड़े थे, जिनसे उन्होंने पीड़ितों पर ताबड़तोड़ वार किया। घटना के बाद मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोग अपने-अपने रास्ते हटकर भागने लगे, वहीं घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

इस घटना में घायल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज एम्स अस्पताल में चल रहा है। वहीं, दूसरा घायल युवक भी प्राथमिक उपचार ले रहा है। इस मामले में पीड़ित पक्ष ने डीडी नगर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति को रोका जा सके। डीडी नगर थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान शांति बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और किसी भी तरह का उपद्रव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गौरतलब है कि गणपति विसर्जन का पर्व पूरे प्रदेश में धूमधाम और आस्था के साथ मनाया जा रहा है। ऐसे में इस तरह की घटनाएं धार्मिक माहौल को बिगाड़ सकती हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी विवाद को आपसी बातचीत से सुलझाया जाए और कानून व्यवस्था को हाथ में लेने से बचा जाए। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि धार्मिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और अधिक कड़ी क्यों नहीं की जाती। फिलहाल पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही आरोपियों पर सख्त कार्रवाई होगी और दोषियों को कानून के कठघरे में लाया जाएगा।


Next Story
null