छत्तीसगढ़

शिक्षक के घर 9 लाख की चोरी, लॉकर सही सलामत, पुलिस हैरान

Nil dhankar
24 July 2026 4:36 PM IST
शिक्षक के घर 9 लाख की चोरी, लॉकर सही सलामत, पुलिस हैरान
x
छग

बिलासपुर। तारबाहर थाना क्षेत्र स्थित क्रांति नगर की वेल सिक्योर पूजा अपार्टमेंट में चोरी का अनोखा मामला सामने आया है। फ्लैट के बेडरूम में रखी अलमारी और उसके लॉकर का ताला पूरी तरह सुरक्षित मिला, लेकिन लॉकर के भीतर रखे करीब 13 तोला सोने के जेवर, जिनकी कीमत लगभग 9 लाख रुपये बताई जा रही है, रहस्यमय ढंग से गायब हो गए।

पीड़ित अभय अग्रवाल, जो पेशे से भौतिकी के शिक्षक हैं, ने पुलिस को बताया कि 30 जून की शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच उन्होंने और उनकी पत्नी शेफाली कलानोरिया ने आखिरी बार लॉकर में जेवर देखे थे। इसके बाद 20 जुलाई की शाम जब शेफाली ने अलमारी खोली तो जेवर गायब मिले। हैरानी की बात यह रही कि अलमारी और लॉकर दोनों के ताले सही-सलामत थे। शेफाली लॉकर की चाबी उसी कमरे में छिपाकर रखती थीं। पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि किसी व्यक्ति ने चाबी का उपयोग कर लॉकर खोला और जेवर निकाल लिए, जिससे ताले को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।

घटना की सूचना पर तारबाहर पुलिस मौके पर पहुंची। फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों ने फ्लैट से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और अपार्टमेंट व आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस के अनुसार, अभय अग्रवाल और उनकी पत्नी दोनों शिक्षक हैं। घर में सीमित संख्या में छात्र ट्यूशन के लिए आते हैं और उन्हें केवल स्टडी रूम तक ही रहने दिया जाता है।

घर में दो घरेलू सहायिकाएं काम करती हैं। इनमें से एक रसोई का काम कर 20-25 मिनट में चली जाती है, जबकि दूसरी पिछले 17 वर्षों से झाड़ू-पोछा कर रही है। पुलिस दोनों घरेलू सहायिकाओं के अलावा घर में आने-जाने वाले अन्य लोगों और पूर्व कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि चोरी की गुत्थी सुलझाई जा सके।

Next Story