छत्तीसगढ़
रायपुर में 8 लाख की चोरी का खुलासा, नाबालिग निकला आरोपी
Shantanu Roy
20 Oct 2026 5:47 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आमानाका थाना पुलिस ने नकबजनी की बड़ी वारदात का चंद घंटों में खुलासा करते हुए विधि से संघर्षरत एक बालक को पकड़ा है। पुलिस ने बालक के कब्जे और निशानदेही पर चोरी किए गए करीब 8 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। मामला आमानाका थाना क्षेत्र के सरोना आजाद नगर का है, जहां एक महिला के सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवर चोरी कर लिए गए थे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात का खुलासा किया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305(a) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
मां के साथ गांव गई थी महिला, पीछे से घर में चोरी
जानकारी के अनुसार, सरोना आजाद नगर निवासी महिला ने आमानाका थाने पहुंचकर चोरी की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि 18 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 10 बजे वह अपने घर में ताला लगाकर मां के साथ भानुप्रतापपुर गांव गई हुई थी। अगले दिन 19 अक्टूबर की शाम करीब 7:30 बजे जब महिला अपने घर लौटी और दरवाजा खोलकर अंदर पहुंची, तो कमरे का सामान बिखरा हुआ मिला। कमरे में रखी आलमारी का लॉक टूटा हुआ था और अंदर बना लॉकर भी क्षतिग्रस्त था। महिला ने जब लॉकर की जांच की, तो उसमें रखे सोने-चांदी के कीमती आभूषण गायब मिले। इसके बाद उसने तत्काल पुलिस को घटना की जानकारी दी।
पीछे की दीवार फांदकर घर में घुसा था चोर
महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि अज्ञात चोर घर के पीछे की दीवार फांदकर अंदर घुसा था। इसके बाद पीछे के दरवाजे का ताला तोड़कर मकान में प्रवेश किया गया। आरोपी ने कमरे में रखी आलमारी और लॉकर को तोड़कर कीमती गहने चोरी कर लिए। चोरी गए आभूषणों की कुल अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई गई। महिला की रिपोर्ट पर आमानाका पुलिस ने अपराध क्रमांक 355/2026 के तहत धारा 331(4) और 305(a) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सोने की चेन, चूड़ियां और चांदी के आभूषण चोरी
शिकायत के अनुसार, चोरी हुए सामान में सोने की दो चेन, दो लॉकेट, दो सोने की चूड़ियां, दो जोड़ी सोने की नथ और चेन वाली दो सोने की बालियां शामिल थीं। इसके अलावा दो जोड़ी चांदी की पायल और चांदी के रुपयों की माला भी चोरी की गई थी। महिला ने सभी आभूषणों की कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई थी।
पुलिस ने चंद घंटों में सुलझाई चोरी की गुत्थी
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त पश्चिम जोन रॉबिन्सन गुड़िया, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पश्चिम राहुल देव शर्मा और एसीपी पुरानी बस्ती देवांश सिंह राठौर ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देश मिलने के बाद आमानाका थाना पुलिस की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पीड़ित महिला और आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने घटना में संलिप्त एक विधि से संघर्षरत बालक को चंद घंटों के भीतर पकड़ लिया।
नाबालिग की निशानदेही पर 8 लाख के जेवर बरामद
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में बालक ने चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए। पुलिस ने बरामद सभी जेवरों को जब्त कर लिया है। इनकी अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई गई है। विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की गई और उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया। आमानाका पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी की वारदात का खुलासा होने के साथ ही कीमती आभूषण भी बरामद कर लिए गए।
Next Story





