
कांकेर। भानुप्रतापपुर नगर स्थित प्रसिद्ध श्रीराम जानकी हनुमान मंदिर में बीती रात चोरी की वारदात से श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश फैल गया है। अज्ञात चोरों ने मंदिर में रखी दानपेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी करीब 70 से 80 हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
बताया जा रहा है कि यह दानपेटी पिछले एक वर्ष से नहीं खोली गई थी जिससे उसमें बड़ी मात्रा में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाई गई रकम जमा थी। सुबह मंदिर पहुंचे पुजारी ने जब दानपेटी का ताला टूटा हुआ देखा तो घटना की जानकारी पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही भानुप्रतापपुर थाना प्रभारी रामेश्वर देशमुख अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण किया। मंदिर नगर के मुख्य मार्ग पर स्थित है और भानुप्रतापपुर थाना से महज 50 मीटर तथा तहसील कार्यालय के नजदीक ही है, बावजूद इसके चोरों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया। इससे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की पेट्रोलिंग पर सवाल उठने लगे हैं।





