मेडिकल और प्रोविजन स्टोर सहित हार्डवेयर दुकान में चोरी, चंद ही दूरी में है SDOP का दफ्तर

धमतरी। जिले के कुरूद से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जहां अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए एक नहीं, बल्कि तीन दुकानों के ताले तोड़ डाले। वो भी एसडीओपी ऑफिस से कुछ ही दूरी पर। सीसीटीवी में जो तस्वीरें सामने आई हैं, उसने पूरे शहर को दहला दिया है।
घटना कुरूद शहर के सांधा चौक की बताई जा रही है। जहां बीती रात करीब दो बजे चार नकाबपोश युवक पहुंचे और मेडिकल स्टोर, अमित प्रोविजन स्टोर और हार्डवेयर की दुकान के ताले तोड़कर अंदर घुस गए। सिर्फ कुछ ही मिनटों में चोरों ने हजारों रुपए नगद और माल चोरी कर फरार हो गए। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, लेकिन पुलिस गश्त के बावजूद किसी को भनक तक नहीं लगी। अब सवाल यही है — जब एसडीओपी कार्यालय के आसपास ही चोरी हो रही है, तो बाकी शहर कितना सुरक्षित है?
इस घटना के बाद व्यापारी वर्ग में भारी आक्रोश है। लोग कह रहे हैं कि शहर में पुलिस की गश्त सिर्फ दिखावे की रह गई है। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही कुरूद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।





