
राजनांदगांव। पुलिस ने कौरिनभांठा स्थित एक सूने मकान में हुई चोरी का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने नागपुर (महाराष्ट्र) से एक अंतरराज्यीय गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पहचान छिपाने की नीयत से चोरी के सोने के जेवरों को गलाकर डल्ला बना दिया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।
कौरिनभांठा, बजरंग वार्ड निवासी उमाशंकर साहू 13 जुलाई को अपनी पत्नी के साथ नवा रायपुर गए थे। 17 जुलाई की देर रात जब वे वापस लौटे, तो घर के मुख्य गेट और अलमारी का ताला टूटा मिला।
चोरों ने अलमारी से सोने-चांदी के आभूषण, सिक्के और 80,000 रुपए नकद सहित कुल 2.48 लाख रुपए की संपत्ति चुरा ली थी। इस संबंध में बसंतपुर पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, एएसपी कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और सीएसपी वैशाली जैन (IPS) के पर्यवेक्षण में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम का नेतृत्व बसंतपुर थाना प्रभारी कौशलेश देवांगन और साइबर थाना प्रभारी विनय पम्मार ने किया।





