छत्तीसगढ़

शराब दुकान की छत तोड़कर चोरी, CCTV के तार काटकर आरोपी फरार

Shantanu Roy
6 Sept 2026 1:52 PM IST
शराब दुकान की छत तोड़कर चोरी, CCTV के तार काटकर आरोपी फरार
x
छग
Bilaspur. बिलासपुर। शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र में चोरी की एक वारदात सामने आई है। चांटीडीह सब्जी मंडी स्थित कंपोजिट मदिरा दुकान में अज्ञात चोर ने छत की चादर हटाकर प्रवेश किया और हजारों रुपये कीमत की शराब की बोतलें चोरी कर फरार हो गया। आरोपी ने चोरी से पहले दुकान में लगे CCTV कैमरों के तार भी काट दिए, जिससे रिकॉर्डिंग बंद हो गई। घटना का खुलासा उस समय हुआ जब दुकान का सुपरवाइजर सुबह मौके पर पहुंचा। मामले की शिकायत के बाद सरकंडा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम पचपेड़ी निवासी शिव मधुकर चांटीडीह स्थित कंपोजिट मदिरा दुकान में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत हैं। 2 सितंबर की रात करीब 11 बजे दुकान बंद कर सभी कर्मचारी अपने घर चले गए थे।अगले दिन 3 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे शिव मधुकर दुकान पहुंचे। उन्होंने ताला खोलकर अंदर प्रवेश किया तो दुकान में लगे CCTV का मॉनीटर बंद मिला। उन्हें संदेह होने पर जांच की गई तो CCTV कैमरों के वायर और रिकॉर्डिंग सिस्टम के कनेक्शन निकले हुए मिले। इसके बाद दुकान की बारीकी से जांच की गई तो रूम नंबर-3 की छत की चादर के स्क्रू खुले हुए मिले। आशंका जताई गई कि चोर छत के रास्ते दुकान के अंदर दाखिल हुआ था।

CCTV फुटेज में नजर आया नकाबपोश आरोपी
दुकान प्रबंधन ने CCTV रिकॉर्डिंग की जांच की तो उसमें एक नकाबपोश व्यक्ति दिखाई दिया। फुटेज के अनुसार 3 सितंबर की रात करीब 2 बजकर 13 मिनट पर आरोपी छत की चादर हटाकर दुकान के अंदर प्रवेश करता नजर आया। आरोपी पहले दुकान के काउंटर के आसपास घूमता रहा। इसके बाद वह लॉकर रूम में पहुंचा और टेबल के ड्रॉज को खंगालने लगा। जब उसे कोई बड़ी रकम नहीं मिली तो उसने दुकान में लगे CCTV कैमरों के तार भी डिस्कनेक्ट कर दिए। इसके बाद रिकॉर्डिंग बंद हो गई। पुलिस अब इसी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

करीब 29 हजार रुपये की शराब चोरी
जांच के दौरान दुकान के स्टॉक का मिलान किया गया। 2 सितंबर की क्लोजिंग के अनुसार शराब की बोतलों का हिसाब मिलाने पर कई ब्रांड की शराब गायब मिली। चोरी गई शराब में रॉयल रैंथम व्हिस्की की एक बोतल, पार्टी स्पेशल डीलक्स की एक बोतल, 100 पाइपर्स व्हिस्की की 12 बोतलें और आईबी व्हिस्की की तीन बोतलें शामिल हैं। इन सभी शराब की बोतलों की कुल कीमत करीब 28 हजार 960 रुपये बताई गई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और दुकान का निरीक्षण किया। पुलिस ने CCTV फुटेज सुरक्षित कर लिया है और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। सरकंडा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) और 331(4) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
Next Story