साल 2020 से कहीं चली गयी थी महिला, पति था परेशान, एसपी की पहल से अब मिल गई

बलौदाबाजार। पुलिस ने एक बार पुनः मानवता दिखाई और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वर्षों पूर्व बिछड़ी पत्नी को ढूंढकर उसके पति से मिलवाया. चार वर्ष बाद मिलने पर पति-पत्नी दोनों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाया. इन भावुक करने वाले क्षणों में एसपी भावना गुप्ता ने महिला को गले लगाया और पुनः अच्छे से जीवन प्रारंभ करने शुभकामनाएं दी.
एसपी भावना गुप्ता ने बताया कि बलौदाबाजार- कोतवाली थाना क्षेत्र के करही चौकी की महिला रम्भा यादव सन् 2020 में गुम हो गई थी. इसके पहले भी 2018 में गुम थी, जिसे पुलिस ने ढूंढकर लाई थी. अबकी बार महिला दिमागी हालत ठीक नहीं होने की वजह से अपने छोटे से बच्चे को छोड़कर चली गई थी.
एसपी ने बताया कि पतासाजी के दौरान पुलिस की 112 की बिलासपुर टीम से सूचना मिली कि महिला कोरबा के एक आश्रम में है, जिसपर हमारी टीम उसके पति को लेकर गई और पहचान पश्चात लेकर आई है. आज बहुत अच्छा लगा जब एक बच्चे को उसकी माँ और पति को उसकी पत्नी मिल गई है. मै उनके सुखमय जीवन की हार्दिक बधाई शुभकामनाएं देती हूं.





