थाना प्रभारी ने हत्यारों को बचाया, साजिश के तहत की गई थी एक्सीडेंट

कोरिया। पिकअप की टक्कर से दो ग्रामीणों की मौत का मामला हत्या का मामला निकला। इस मामले में जांच के बाद यह तथ्य सामने आया कि यह कोई सड़क हादसा नहीं था बल्कि जमीन विवाद के चलते पिकअप चढ़ा कर दो ग्रामीणों की हत्या की गई थी।
इस संबंध में मृत व्यक्तियों ने घटना के कुछ दिनों पहले थाने में शिकायत भी की थी,पर आरोप है कि टीआई ने गंभीरता दिखा कर कार्यवाही नहीं की,जिसके चलते आरोपी के हौसले बुलंद हुए और उसने हत्या को अंजाम दिया। इसके अलावा मृतक के परिजनों का आरोप है कि मामले में अन्य आरोपी भी शामिल है, जिन्हें थाना प्रभारी द्वारा बचाया जा रहा था। अंबिकापुर रेंज आईजी दीपक झा के द्वारा शिकायत मिलने पर सोनहत थाना प्रभारी निरीक्षक हेमंत अग्रवाल को निलंबित कर रक्षित केंद्र में अटैच कर दिया गया है।
कोरिया जिले के सोनहत थाना क्षेत्र अंतर्गत 26 सितंबर की रात पिकअप की टक्कर से बाइक सवार दो ग्रामीणों की मौत हो गई थी। पहले इसे एक्सीडेंट का मामला माना जा रहा था बाद में पता चला कि यह कोई सड़क हादसा नहीं बल्कि पिकअप चढ़ा कर दोनों की हत्या की गई थी मामला जमीन विवाद से जुड़ा था।





