छत्तीसगढ़

मंत्री कार्यक्रम में पहुंचे थे, काफिले की गाड़ी पर बच्चों ने फेंका पत्थर

Nil dhankar
31 March 2026 10:33 AM IST
मंत्री कार्यक्रम में पहुंचे थे, काफिले की गाड़ी पर बच्चों ने फेंका पत्थर
x
छग

कोरबा। मानिकपुर चौकी क्षेत्र स्थित साहू समाज भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंत्री लखन लाल देवांगन के काफिले में खड़ी एक गाड़ी पर अचानक पत्थर का एक छोटा टुकड़ा आकर गिरा। फौरन मानिकपुर चौकी पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने आसपास के इलाके में जांच शुरू की और मौके पर मौजूद चार नाबालिगों को चौकी बुलाकर पूछताछ की। शुरुआती जांच में सामने आया कि यह कोई सुनियोजित पथराव नहीं था। पूछताछ में पता चला कि बच्चे भवन के पास खेल रहे थे और खेल-खेल में ही पत्थर उछलकर अनजाने में काफिले की गाड़ी को लग गया था। घटना की जानकारी मिलने पर मंत्री लखन लाल देवांगन ने खुद चौकी में फोन किया। उन्होंने कहा कि यह बच्चों के भविष्य का सवाल है और घटना खेल-खेल में घटी है, इसलिए उन्हें छोड़ दिया जाए।

चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने पुष्टि की कि यह एक आकस्मिक घटना थी। पूछताछ के बाद सभी नाबालिगों को छोड़ दिया गया है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि मामले में किसी तरह की साजिश, सुरक्षा में चूक या संदिग्ध गतिविधि के कोई संकेत नहीं मिले हैं। हालांकि, एहतियात के तौर पर कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।

Next Story