छत्तीसगढ़

मैनेजर ही चोर निकला, बाइक शोरूम से चुराया था 3 लाख नकदी

Nilmani Pal
26 Feb 2026 8:53 AM IST
मैनेजर ही चोर निकला, बाइक शोरूम से चुराया था 3 लाख नकदी
x
छग

सूरजपुर। नगर के मनेंद्रगढ़ रोड स्थित टीवीएस बाइक शोरूम में हुई तीन लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने राजफाश करते हुए शोरूम के ही मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित के कब्जे से पूरी नकद राशि बरामद कर ली गई है। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार टीवीएस बाइक शोरूम के संचालक संजीव गुप्ता ने कोतवाली सूरजपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 21 फरवरी की रात वे शोरूम के सामने का शटर बंद कर पास स्थित अपने घर चले गए थे। अगले दिन सुबह स्टाफ सुनीता जब सफाई के लिए शोरूम पहुंची तो अंदर का सामान अस्त-व्यस्त मिला। इसकी सूचना तत्काल संचालक को दी गई।

कुछ देर बाद उनके पुत्र के शोरूम पहुंचने पर देखा गया कि सीसी कैमरे का डीवीआर नीचे गिरा हुआ है तथा काउंटर की दराज में रखे तीन लाख रुपये नकद गायब हैं। चोरी की आशंका पर संचालक ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपित के विरुद्ध धारा 305 (ए) एवं 331 (4) बीएनएसएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और सीसी व अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर शोरूम के मैनेजर तुषार भारती पिता हरि भारती 37 वर्ष निवासी मस्जिद पारा, सूरजपुर पर संदेह गहराया।

सघन पूछताछ में उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपित ने बताया कि शुक्रवार रात शोरूम बंद करने से पहले उसने ऊपर जाने वाली सीढ़ी का दरवाजा जानबूझकर खुला छोड़ दिया था। शनिवार को शोरूम बंद रहने का फायदा उठाते हुए वह रविवार तड़के सामने की सीढ़ी से तीसरी मंजिल तक पहुंचा और लिफ्ट के सहारे अंदर घुसकर काउंटर की दराज से तीन लाख रुपये निकाल लिए।

Next Story
null