छत्तीसगढ़

सूरजपुर में 16 अगस्त से पहुंचेगी लाइफलाइन एक्सप्रेस

Nil dhankar
1 Aug 2026 3:13 PM IST
सूरजपुर में 16 अगस्त से पहुंचेगी लाइफलाइन एक्सप्रेस
x

सूरजपुर। प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने और जरूरतमंद नागरिकों को विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत इम्पैक्ट इंडिया फाउंडेशन की 256वीं लाइफलाइन एक्सप्रेस परियोजना के अंतर्गत सूरजपुर जिले के विश्रामपुर रेलवे स्टेशन, प्लेटफॉर्म क्रमांक-02 पर 16 अगस्त से 5 सितंबर 2026 तक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक ओपीडी सेवाएं संचालित होंगी तथा आवश्यकता अनुसार मरीजों की निःशुल्क जांच एवं सर्जरी भी की जाएगी। इस विशेष शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आंखों की जांच एवं मोतियाबिंद सर्जरी, कान की जांच एवं सर्जरी, प्लास्टिक सर्जरी (कटे-फटे होंठ तथा जलने के बाद उत्पन्न संकुचन), दांतों की जांच एवं उपचार तथा महिलाओं के लिए स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर की जांच और स्क्रीनिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

विशेष रूप से 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों के मुड़े हुए हाथ-पैर की जांच एवं सर्जरी निःशुल्क की जाएगी, जिससे दिव्यांगता अथवा जन्मजात विकृति से प्रभावित बच्चों को समय पर उपचार मिल सकेगा।

आंखों की ओपीडी : 16 से 21 अगस्त,मोतियाबिंद सर्जरी : 17 से 22 अगस्त,

कान की ओपीडी : 22 से 27 अगस्त,कान की सर्जरी : 23 से 28 अगस्त,

मुड़े हुए हाथ-पैर एवं प्लास्टिक सर्जरी की ओपीडी : 28 से 31 अगस्त,सर्जरी : 29 अगस्त से 1 सितंबर,दंत जांच एवं उपचार : 1 से 5 सितंबर,

स्तन एवं सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग : 16 से 21 अगस्त तक होगी।

कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा लाइफलाइन एक्सप्रेस के सफल संचालन के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग को समन्वित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। ग्राम पंचायतों के सरपंच, पंच, मितानिन, सखी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं को अपने-अपने क्षेत्रों में जरूरतमंद मरीजों की पहचान कर उनका पंजीयन कराने और उपचार हेतु प्रेरित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों के अधिकतम नागरिक इस निःशुल्क स्वास्थ्य सेवा का लाभ उठा सकें। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए आवश्यकता अनुसार अपना पंजीयन कराएं तथा अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक इस स्वास्थ्य शिविर की जानकारी पहुंचाएं। शिविर में आने वाले मरीजों को आधार कार्ड, वोटर आईडी अथवा अन्य वैध पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। भर्ती मरीजों के साथ केवल एक सहयोगी को रहने की अनुमति दी जाएगी। अधिक जानकारी और पंजीयन संबंधी सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 7039673973 पर संपर्क किया जा सकता है।

Next Story