हिस्ट्रीशीटर का रील पर रील पोस्ट होना पुलिस के लिए चुनौती, इस बार पिस्टल के साथ दिखा

बिलासपुर। फरार हिस्ट्रीशीटर इंस्टाग्राम पर पिस्टल के साथ रील बनाकर दहशत फैला रहा है। उसने शहर के भाजपा और कांग्रेस नेताओं को जान से मारने की धमकी देकर रील बनाया है, जो अब वायरल हो रहा है। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है।
इसके साथ ही वीडियो में हिस्ट्रीशीटर ने पिस्टल और कट्टा सप्लाई करने का भी दावा किया है। आरोपी नशे का सामान बेचता है। साथ ही चोरी, मारपीट और गुंडागर्दी के केस में फरार चल रहा है। पुलिस इस हिस्ट्रीशीटर को पिछले 2 महीने से ढूंढ रही है। इसी बीच वह इंस्टा पर वीडियो डाल रहा है।
दरअसल, सरकंडा क्षेत्र के चिंगरापारा का रहने वाला लुटू पांडेय निगरानी और आदतन बदमाश है। नशे का सामान बेचने के केस में पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पिछले दो महीने से आरोपी फरार चल रहा है। पुलिस लगातार उसके ठिकानों में छापेमारी करने का दावा कर रही है। लेकिन, वो गायब है।
आरोपी लुटू पांडेय फरारी के दौरान मोबाइल का इस्तेमाल कर रहा है। वो पिस्टल और हथियारों के साथ रील्स बनाकर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर कर रहा है। उसका दोस्त और चोरी का आरोपी शिवम मिश्रा भी ऐसे ही पिस्टल के साथ वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम के जरिए आतंक फैला रहा है।





