
रायपुर। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य में धान खरीदी खत्म होने की कगार पर है। सरकार की तय डेडलाइन के अनुसार 31 जनवरी 2026 तक किसानों से धान खरीदी की जाएगी। लेकिन दूसरी ओर अभी तक कई किसानों ने अपना धान नहीं बेचा है और डेट आगे बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। हालांकि कांग्रेस भी किसानों के धान को लेकर सियासत कर रही है और सरकार को घेरने की कवायद में लगी हुई है। लेकिन इस बीच खबर आ रही है कि कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा है कि किसानों के हित में फैसला लिया जाएगा।
दरअसल कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि धान खरीदी की तारीख बढ़ाने की मांग हो रही है, कुछ जगहों पर टोकन नहीं कटा या खरीदी नहीं हुई है। उन्होंने आगे बताया कि कृषि विभाग के PS द्वारा पत्र भेजा गया है और आज मैं CM विष्णु देव साय से मुलाकात करूंगा। किसानों के हित में निर्णय लिया जाएगा। कृषि मंत्री नेताम के बयानों से ये तो तय है कि सरकार किसानों के हित को देखते हुए धान खरीदी की तारीख बढ़ा सकती है।
वहीं दूसरी ओर सहकारिता मंत्री केंदार कश्यप ने बीते दिनों मीडिया से बात करते हुए कहा था कि आवश्यकता होगी तो तारीख बढ़ाई जाएगी, लेकिन फिलहाल ऐसी स्थिति बनते दिखाई नहीं दे रही है। सहकारिता मंत्री के बयान से ये बात स्पष्ट है कि सरकार फिलहाल धान खरीदी की तारीख बढ़ाने पर कोई विचार नहीं कर रही है। हो सकता है 31 जनवरी को धान खरीदी का आंकलन करने के बाद तारीख आगे बढ़ाने पर सरकार फैसला ले।





