
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के उत्तरी हिस्से सरगुजा संभाग में सबसे ज्यादा बारिश हुई है। सूरजपुर जिले में लगातार पानी गिरने से पुलिया बह गई। जिससे प्रतापपुर ब्लॉक के मदनगर गांव में बलरामपुर को जोड़ने वाले इस रोड पर आवाजाही बंद है। ग्रामीण जान जोखिम में डालकर पुल के बचे एक हिस्से से साइकिल और बाइक से आना-जाना कर रहे हैं।
इस बीच मौसम विभाग ने आज रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, कोरबा, सरगुजा और जशपुर इन सात जिलों में बिजली गिरने का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं बलरामपुर में भारी बारिश का यलो अलर्ट है। अन्य जिलों में मौसम सामान्य रहेगा।
प्रदेश में बीते 48 घंटे में बलरामपुर के कुछ स्थानों को छोड़कर भारी बारिश नहीं हुई है। अगले पांच दिन यही स्थिति बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक 4 अगस्त तक मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश कम होगी। प्रदेश के अन्य जगहों पर भी गरज चमक के साथ सामान्य वर्षा हो सकती है।





