कलेक्टर ने डॉक्टर और कई कर्मचारियों को थमाया कारण बताओ नोटिस

बालोद। जिले में कलेक्टर दिव्या मिश्रा ने शुक्रवार को जिला अस्पताल में दबिश दी। उन्होंने जिला अस्पताल और मातृ शिशु अस्पताल का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर दिव्या मिश्रा ने जिला अस्पताल बालोद का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने 100 बिस्तर अस्पताल और मातृ-शिशु विंग में मरीजों से सीधे संवाद कर मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।
कलेक्टर ने अधिकारियों को अस्पताल परिसर में बेहतर प्रबंधन और स्वच्छता सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। इस अवसर पर डीएफओ अभिषेक अग्रवाल, सीईओ जिला पंचायत सुनील चंद्रवंशी, तहसीलदार आशुतोष शर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद थे। वहीं 9 बजे तक ओपीडी पंजीयन काउंटर के नहीं खुलने और डाक्टरों की अनुपस्तिथि पर कड़ी नाराजगी जताते हुए सभी लापरवाह डॉक्टर एवं अन्य कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
वहीं समुचित साफ सफाई नही होने, अस्पताल की टाइल्स में गंदगी पसरे होने, वाटर कूलर के लीकेज होने और पानी के नीचे फ्लोर पर बहने पर और फिजियोथेरेपी रूम में कबाड़ भर कर रखे जाने पर सिविल सर्जन को फटकार लगाई और व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। इस दौरान मरीजों से हालचाल जाना। कलेक्टर न दिव्या मिश्रा ने स्तनपान कक्ष, प्रसव कक्ष और ओटीटी कक्ष का भी निरीक्षण किया। फिजियोथेरेपी कक्ष में रखे कबाड़ को ऑक्शन करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने साफ सफाई व्यवस्था पर विशेष जोर दिया।





