छत्तीसगढ़
कलेक्टर ने धान खरीदी केन्द्रों के नोडल अधिकारियों की ली संयुक्त बैठक
Shantanu Roy
26 Dec 2025 6:35 PM IST

x
छग
Sarangarh-Bilaigarh. सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को पारदर्शी, व्यवस्थित और शासन के निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में धान खरीदी केंद्रों के नोडल अधिकारियों की संयुक्त बैठक ली। इस बैठक में पटवारी एवं कृषि विस्तार अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे प्रत्येक कार्यदिवस संबंधित धान खरीदी केंद्रों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें और सतर्क ऐप में अपनी उपस्थिति दर्ज करें। कलेक्टर डॉ. कन्नौजे ने कहा कि धान खरीदी शासन की एक महत्वपूर्ण योजना है, जिसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी नोडल अधिकारी राज्य शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें। धान खरीदी केंद्रों पर किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने अवैध धान भंडारण, अवैध परिवहन और कोचियों (बिचौलियों) की गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में कहीं भी अवैध रूप से धान का भंडारण या परिवहन किया जा रहा हो, तो उसकी सूचना तत्काल उच्च अधिकारियों को दी जाए। ऐसे मामलों में संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर त्वरित जप्ती की कार्रवाई की जाए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि अवैध गतिविधियों पर सख्ती बरतना आवश्यक है, ताकि वास्तविक किसानों के हितों की रक्षा हो सके। डॉ. कन्नौजे ने कहा कि पटवारी और कृषि विस्तार अधिकारी मैदानी स्तर पर शासन की आंख और कान होते हैं। इसलिए उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी धान खरीदी केंद्रों में तौल प्रक्रिया, नमी परीक्षण, बारदाना की उपलब्धता, ऑनलाइन एंट्री और स्टॉक की स्थिति पर लगातार निगरानी रखें। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी सामने आने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। कलेक्टर ने यह भी कहा कि सतर्क ऐप के माध्यम से उपस्थिति दर्ज कराना अनिवार्य है, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि नोडल अधिकारी नियमित रूप से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी अधिकारी द्वारा लापरवाही बरती गई या अनुपस्थिति पाई गई, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बैठक में उपस्थित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि धान खरीदी कार्य में राजस्व, कृषि, खाद्य एवं सहकारी विभागों की संयुक्त भूमिका है। सभी विभाग आपस में तालमेल बनाकर कार्य करें, ताकि धान खरीदी की प्रक्रिया सुचारु और समयबद्ध तरीके से पूरी हो सके।
Tagsसारंगढ़-बिलाईगढ़कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजेधान खरीदी बैठकनोडल अधिकारीपटवारीकृषि विस्तार अधिकारीसतर्क ऐप उपस्थितिअवैध धान भंडारणकोचिया कार्रवाईधान परिवहन निगरानीSarangarh-BilaigarhCollector Dr. Sanjay Kannaujepaddy procurement meetingnodal officerpatwariagriculture extension officeralert app attendanceillegal paddy storageKochiya actionpaddy transportation monitoring
Next Story





