छत्तीसगढ़

कलेक्टर ने आमाकोनी धान उपार्जन केंद्र पर किया औचक निरीक्षण

Shantanu Roy
26 Dec 2025 6:18 PM IST
कलेक्टर ने आमाकोनी धान उपार्जन केंद्र पर किया औचक निरीक्षण
x
छग
Mahasamund. महासमुंद। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्था को और अधिक सुचारु व पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने शुक्रवार को बागबाहरा विकासखंड अंतर्गत आमाकोनी धान उपार्जन केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने धान खरीदी से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया और केंद्र प्रभारी सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के समय एसडीएम बागबाहरा श्रीमती नमिता मारकोले, समिति प्रबंधक, केंद्र के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे। कलेक्टर श्री लंगेह ने उपार्जन केंद्र में किसानों के पंजीयन की स्थिति, धान तौल प्रक्रिया, नमी परीक्षण, बारदाना की उपलब्धता, स्टॉक संधारण तथा ऑनलाइन एंट्री की अद्यतन स्थिति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने तौल कांटे की जांच कर उसकी शुद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और कहा कि किसानों को तौल या भुगतान को लेकर किसी भी प्रकार की शिकायत का मौका नहीं मिलना चाहिए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप धान खरीदी कार्य पूरी तरह पारदर्शी, समयबद्ध और सुचारु तरीके से संपन्न किया जाए। उन्होंने केंद्र में मौजूद किसानों से सीधे संवाद कर खरीदी प्रक्रिया, भुगतान की स्थिति और अन्य सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया।

किसानों ने अपनी समस्याएं और अनुभव साझा किए, जिस पर कलेक्टर ने त्वरित समाधान के निर्देश अधिकारियों को दिए। धान उठाव को लेकर कलेक्टर श्री लंगेह ने विशेष रूप से चिंता जताते हुए कहा कि उपार्जन केंद्रों में धान का अनावश्यक भंडारण नहीं होना चाहिए। उन्होंने मिलर्स और परिवहन एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर नियमित एवं तेज गति से धान उठाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश या अन्य प्राकृतिक कारणों से धान को नुकसान न हो, इसके लिए उठाव की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। जिन केंद्रों में धान उठाव की गति धीमी है, वहां तत्काल सुधार कर दैनिक प्रगति की लगातार निगरानी की जाए। कलेक्टर ने चेतावनी देते हुए कहा कि धान खरीदी में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी उपार्जन केंद्रों में व्यवस्थाएं एक समान और किसान हितैषी हों। उल्लेखनीय है कि जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी लगातार जारी है। आज धान खरीदी का 29वां दिन है और अभी 22 दिन शेष हैं। जिले के 182 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से अब तक कुल 42 लाख 17 हजार 789.60 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। इसमें 34 लाख 39 हजार 240.40 क्विंटल मोटा धान, 198 क्विंटल पतला धान और 7 लाख 78 हजार 351.20 क्विंटल सरना धान शामिल है। वहीं अब तक 7 लाख 29 हजार 869.38 क्विंटल धान का उठाव किया जा चुका है। प्रशासन का दावा है कि आने वाले दिनों में धान उठाव की गति और तेज की जाएगी, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और खरीदी प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।
Next Story