छत्तीसगढ़

धान खरीदी केन्द्रों का कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण

Shantanu Roy
26 Dec 2025 6:40 PM IST
धान खरीदी केन्द्रों का कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण
x
छग
Sarangarh-Bilaigarh. सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को पारदर्शी, सुचारु और किसान हितैषी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। इसी कड़ी में कलेक्टर ने बरमकेला विकासखंड का दौरा कर कंठीपाली, तौसीर और कुम्हारी धान खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने धान खरीदी की संपूर्ण प्रक्रिया का बारीकी से अवलोकन किया और मौके पर मौजूद किसानों से सीधे संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
कलेक्टर डॉ. कन्नौजे ने धान खरीदी केन्द्रों में लाई जा रही फसल की नमी, किस्म और गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार ही धान की खरीदी की जाए और गुणवत्ता के साथ कोई समझौता न किया जाए। कलेक्टर ने किसानों से बातचीत करते हुए पूछा कि उन्हें धान खरीदी के दौरान किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हो रही है। किसानों ने बताया कि केन्द्रों में व्यवस्थाएं संतोषजनक हैं और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ रहा है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने धान खरीदी केन्द्रों के कम्प्यूटर रिकॉर्ड भी चेक किए। उन्होंने समिति प्रबंधक और ऑपरेटर से धान खरीदी, ऑनलाइन एंट्री, भुगतान प्रक्रिया और रकबा समर्पण की स्थिति के बारे में विस्तार से चर्चा की। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि धान खरीदी के साथ-साथ रकबा समर्पण का कार्य भी समय पर पूर्ण कराया जाए, ताकि किसानों को भुगतान में किसी तरह की देरी न हो। कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने सभी समिति प्रबंधकों को निर्देशित किया कि छोटे और सीमांत किसानों को धान खरीदी में प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि छोटे किसानों के लिए धान खरीदी शासन की एक महत्वपूर्ण योजना है, इसलिए यह सुनिश्चित किया जाए कि उन्हें किसी भी प्रकार से परेशान न होना पड़े। कतार व्यवस्था, तौल प्रक्रिया और भुगतान में पारदर्शिता बनाए रखना समिति की जिम्मेदारी है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने इस क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र ओडिशा राज्य की सीमा के समीप स्थित है, इसलिए संदिग्ध पुराने धान और कोचियों (बिचौलियों) की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखना आवश्यक है। कलेक्टर ने समिति प्रबंधकों को समझाइश दी कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना प्रशासन को दें और अवैध धान खरीदी या परिवहन में किसी प्रकार की संलिप्तता न होने दें। कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि धान खरीदी केन्द्रों से बफर से अधिक धान का समय पर उठाव कराया जाए, ताकि केन्द्रों में अनावश्यक दबाव न बने और खरीदी कार्य सुचारु रूप से चलता रहे। उन्होंने कहा कि धान के उठाव में देरी से अव्यवस्था पैदा होती है, जिससे किसानों को भी परेशानी हो सकती है।
इस निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर शिक्षा शर्मा, खाद्य अधिकारी गणेश कुर्रे, सहायक आयुक्त सहकारिता व्यासनारायण साहू, जिला मार्कफेड अधिकारी शीतल भोई, नायब तहसीलदार मोहन साहू सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और शासन की मंशा के अनुरूप धान खरीदी को सफल बनाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के इस निरीक्षण से स्पष्ट संदेश गया कि जिले में धान खरीदी को लेकर प्रशासन पूरी तरह गंभीर है और किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
Next Story