छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग ने महिलाओं के सम्मान के खिलाफ आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट को गंभीरता से लिया, FIR दर्ज

Nil dhankar
25 July 2026 4:21 PM IST
छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग ने महिलाओं के सम्मान के खिलाफ आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट को गंभीरता से लिया, FIR दर्ज
x

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने शनिवार को संजय बघेल और सुरेन्द्र वर्मा द्वारा फेसबुक पर महिलाओं के सम्मान के विरुद्ध की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों, फोटो और वीडियो को संज्ञान में लिया। आयोग ने इसे अत्यंत गंभीर प्रकरण मानते हुए त्वरित कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

संजय बघेल पूर्व पार्षद एवं प्रभारी महामंत्री, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, भाटापारा शहर (जिला बलौदाबाजार) हैं, जबकि सुरेन्द्र वर्मा बिलासपुर के कांग्रेस पदाधिकारी हैं। दोनों पर आरोप है कि उन्होंने सोशल मीडिया (फेसबुक) पर महिलाओं के सम्मान के खिलाफ अमर्यादित और आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट की। आयोग अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक बलौदाबाजार और पुलिस अधीक्षक बिलासपुर से चर्चा की। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

आयोग ने विशेष रूप से एआई (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) से निर्मित आपत्तिजनक फोटो और वीडियो की जांच पर जोर दिया है। सामग्री बनाने और पोस्ट करने वालों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर तीन दिन के भीतर महिला आयोग को कार्रवाई रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया गया है। राज्य महिला आयोग ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर महिलाओं के सम्मान के खिलाफ किसी भी तरह की अमर्यादित सामग्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Next Story