छत्तीसगढ़

महिलाओं-बच्चों के आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Shantanu Roy
30 May 2025 12:05 AM IST
महिलाओं-बच्चों के आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने वाला आरोपी गिरफ्तार
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी में साइबर अपराध से जुड़े एक गंभीर मामले में आजाद चौक थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने महिलाओं और बच्चों से संबंधित आपत्तिजनक और अश्लील वीडियो व चित्रों को सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोप में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान संजय नाग पिता स्वर्गीय परदेशी नाग (उम्र 48 वर्ष) निवासी डबरीपारा, रामकुंड, थाना आजाद चौक, जिला रायपुर के रूप में की गई है।

यह कार्यवाही साइबर सेल को नई दिल्ली से प्राप्त एक विशेष रिपोर्ट के आधार पर की गई। रिपोर्ट में बताया गया था कि एक मोबाइल नंबर (7999307176) से महिलाओं और नाबालिग बच्चों से जुड़े आपत्तिजनक एवं अश्लील वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर शेयर किए जा रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, यह गतिविधियां रायपुर के खमतराई क्षेत्र के अंतर्गत आ रही थीं, जिसके बाद मामला वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में लाया गया और तत्परता से कार्यवाही का आदेश जारी किया गया।

थाना आजाद चौक में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 147/2025, धारा 67B आईटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया। जांच के दौरान मोबाइल नंबर से संबंधित जानकारी निकालकर जब सत्यापन किया गया, तब पता चला कि यह नंबर संजय नाग के नाम पर है, जो वर्ष 2022 से इस सिम का उपयोग कर रहा था। पूछताछ में आरोपी संजय नाग ने स्वीकार किया कि उसने वर्ष 2022 से उक्त सिम नंबर का उपयोग करते हुए महिलाओं एवं बच्चों के आपत्तिजनक चित्र, फोटो और वीडियो सोशल मीडिया में प्रसारित किए थे। उसके इस अपराध की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

आजाद चौक थाना प्रभारी ने बताया कि इस प्रकार के अपराधों के प्रति पुलिस बेहद गंभीर है और साइबर क्राइम के विरुद्ध लगातार निगरानी और कड़ी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि इस प्रकार की किसी भी आपत्तिजनक सामग्री को शेयर न करें और ऐसा करने वालों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। इस गिरफ्तारी के बाद साइबर सेल और स्थानीय पुलिस द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफार्म्स पर नजर और कड़ी कर दी गई है, ताकि भविष्य में इस तरह के अपराधों को रोका जा सके। रायपुर पुलिस का यह कदम समाज में इंटरनेट और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।
Next Story