छत्तीसगढ़

किस्सा अपहरण का! 22 लाख फिरौती नहीं मिलने पर महिला को छोड़ा

Nil dhankar
3 May 2026 8:17 AM IST
किस्सा अपहरण का! 22 लाख फिरौती नहीं मिलने पर महिला को छोड़ा
x
छग

सूरजपुर। नगर से सटे पर्री गांव के सरना पारा में चार दिन पूर्व एक महिला के रहस्यमय ढंग से गायब होने और अपहरणकर्ताओं द्वारा उसके पति से 22 लाख रुपये फिरौती मांगने की घटना का रहस्य अब भी बरकरार है। हालांकि बाइक सवार आरोपितों ने 12 घंटे बाद देर रात महिला को उसके घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर छोड़ दिया था। महिला के साथ मारपीट भी की गई थी। घायल महिला का जिला चिकित्सालय में उपचार जारी है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से पूरे नगर में सनसनी फैल गई।

यह घटना 29 अप्रैल को दोपहर करीब तीन बजे की है। मामले में कोतवाली पुलिस ने पीड़िता के पति पेत्रुस कुजूर की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपितों के खिलाफ बीएनएस की धारा 140(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सेवानिवृत्त एसईसीएल कर्मचारी पेत्रुस कुजूर ने बताया कि वे 29 अप्रैल को सुबह अपनी दुर्घटनाग्रस्त कार बनवाने अंबिकापुर गए थे। उस समय उनकी पत्नी ललिता कुजूर घर में अकेली थीं। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे जब वे घर लौटे तो पत्नी घर में नहीं मिलीं। घर का सामान अस्त-व्यस्त था, टूटी चूड़ियां पड़ी थीं और खून के छींटे भी दिखाई दिए। इससे अनहोनी की आशंका बढ़ गई।

इसी दौरान उनकी पत्नी के मोबाइल से कॉल आया, जिसमें आरोपितों ने 22 लाख रुपये की फिरौती मांगी। इस पर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस सक्रिय हो गई और अलग-अलग मार्गों पर सर्चिंग अभियान चलाया। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिला। पुलिस की सक्रियता के चलते करीब 12 घंटे बाद आरोपित महिला को घायल अवस्था में उसके घर से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर बायपास के पास छोड़कर फरार हो गए। महिला किसी तरह पास के एक घर तक पहुंची और मदद लेकर अपने पति को सूचना दी। घायल और सदमे में आई महिला को पुलिस की सलाह पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

Next Story