
दंतेवाड़ा। जिले के नागलु सड़क किनारे स्थित एक बंद पड़े क्रशर प्लांट में डूबने से 13 साल के बच्चे की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि वह होली के दिन अपने कुछ दोस्तों के साथ नहाने गया था। एक दोस्त डूब रहा था उसे बचाने उतरा। इसी बीच उसका पैर फिसला और वह पानी मे डूब गया। SDRF की टीम ने शव बाहर निकाला।मामला गीदम थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, बच्चे का नाम आदर्श वाघमारिया (13) है। वह अपने दोस्तों के साथ होली के दिन क्रशर प्लांट के गड्ढे में भरे पानी में नहाने गया था। इसी दौरान उसका एक साथी गहरे पानी में डूबने लगा। दोस्त को डूबता देख आदर्श उसे बचाने के लिए तुरंत पानी में उतर गया, उसका पैर फिसला। लेकिन पानी ज्यादा गहरा होने के कारण वह खुद भी डूब गया। हालांकि, जिसे बचाने वह उतरा था वह बच गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम के साथ SDRF की टीम भी मौके पर पहुंची और बच्चे की तलाश शुरू की गई। कुछ देर की मशक्कत के बाद बच्चे को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।





