छत्तीसगढ़

शिक्षक संघ मंत्रालय घेरने की तैयारी में

Nilmani Pal
26 May 2025 4:17 PM IST
शिक्षक संघ मंत्रालय घेरने की तैयारी में
x

रायपुर। सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण को लेकर प्रदेश के तमाम शिक्षक संघ ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। युक्तियुक्तकरण के नाम पर सेटअप से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाते हुए प्रदेश के 23 शिक्षक संघों ने मंत्रालय घेराव का ऐलान कर दिया है। आज इन तमाम संघों के पदाधिकारियों ने रायपुर में प्रेस कांफ्रेस की और कहा कि 28 मई को प्रदेशभर से हजारों शिक्षक रायपुर जुटेंगे। उन्होंने बताया कि, यहां से मंत्रालय घेराव करने निकलेंगे।

इस पूरे मामले में शिक्षकों का आरोप है कि युक्तियुक्तकरण की आड़ में 2008 के सेटअप को तोड़ा जा रहा है। करीब 45 हजार शिक्षक पद खत्म कर दिए जाएंगे, इससे प्रदेश के गरीब बच्चों का अधिकार और शिक्षा का स्तर दोनों का हनन होगा।

गौरतलब है कि, सरकार ने कुछ दिन पहले इस पूरे मामले पर अपना पक्ष रखा था। बताया गया था कि, छत्तीसगढ़ में स्कूली शिक्षा की व्यवस्था को बेहतर और ज्यादा प्रभावशाली बनाने के लिए शिक्षा विभाग ने युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया शुरू की है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य यह है कि जहां जरूरत है वहां शिक्षक उपलब्ध हों और बच्चों को अच्छी शिक्षा, बेहतर शैक्षणिक वातावरण और बेहतर सुविधाएं मिल सकें। युक्तियुक्तकरण का मतलब है स्कूलों और शिक्षकों की व्यवस्था को इस तरह से सुधारना कि, सभी स्कूलों में छात्र-शिक्षक अनुपात संतुलित हो और कोई भी स्कूल बिना शिक्षक के न रहे।

Next Story
null