शिक्षिका ने दमभर छात्र का कान मरोड़ा, दर्द से कहरते पहुंचा घर

डोंगरगढ़। क्लास में किताब निकालने में चंद सेकंड की देरी हुई, और शिक्षिका ने गुस्से में इस कदर बेकाबू हुईं कि 13 साल के मासूम के कान मरोड़ कर कनपटियों पर जोरदार तमाचे जड़ दिए. घर लौटने पर मासूम ने इशारों से माता-पिता को बताया कि उसे कुछ सुनाई नहीं दे रहा है. अस्पताल पहुंचे परिजनों को डॉक्टर ने बताया कि यह बच्चे के कान की नसों पर जोरदार चोट का असर है. परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने शिक्षिकाओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया है.
मामला डोंगरगढ़ के खालसा पब्लिक स्कूल का है. जहां सातवीं कक्षा के छात्र सार्थक सहारे के साथ हुई मारपीट की दास्तान जितनी दर्दनाक है, उतनी ही शर्मनाक भी. सार्थक से किताब निकालने में चंद सेकंड की देरी हुई, और शिक्षिका प्रियंका सिंह ने गुस्से में मासूम के कान मरोड़ दिए और कनपटियों पर जोरदार तमाचे जड़ दिए.
सार्थक घर लौटा तो भय और दर्द में डूबा हुआ था. वह बोल नहीं पा रहा था, बस इशारों में बता रहा था कि उसे कुछ सुनाई नहीं दे रहा. परिवार उसे लेकर अस्पताल-दर-अस्पताल भटकता रहा. ENT विशेषज्ञों की हर रिपोर्ट ने एक ही सच्चाई सामने रखी—बच्चे के कान की नसों पर जोरदार चोट है और यह स्पष्ट रूप से थप्पड़ों का परिणाम है.





