छत्तीसगढ़

दफन बच्ची की लाश के पास तंत्र-मंत्र, गांव में सनसनी

Nil dhankar
15 Feb 2026 4:16 PM IST
दफन बच्ची की लाश के पास तंत्र-मंत्र, गांव में सनसनी
x

बालोद। जिले के गुंडरदेही थाना क्षेत्र अंतर्गत हल्दी चौकी के ग्राम माहुद-बी में तीन वर्षीय मासूम प्रिया साहू की मौत के बाद दफनाए गए स्थान से छेड़छाड़ की आशंका ने गांव में सनसनी फैला दी है। दफन स्थल पर कटा नींबू, मिट्टी के दीये और अगरबत्ती मिलने से ग्रामीणों में तंत्र-मंत्र के तहत शव से छेड़छाड़ की आशंका गहरा गई है।

जानकारी के अनुसार, 9 अक्टूबर 2025 को प्रिया साहू (3 वर्ष) की मौत के बाद परिजनों ने उसे गांव के मुक्तिधाम जाने वाले मार्ग के पास दफनाया था। शुक्रवार सुबह खेत की ओर जा रहे ग्रामीणों ने दफन स्थल को अव्यवस्थित पाया। पास ही तंत्र-विद्या से जुड़े सामान पड़े देख उन्होंने अन्य ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही हल्दी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृत बच्ची के पिता ने चौकी प्रभारी को आवेदन सौंपकर दफन स्थल की खुदाई कर जांच कराने की मांग की है। पुलिस ने बताया कि शव को बाहर निकालने की कार्रवाई एसडीएम की अनुमति के बाद ही की जाएगी। इसके लिए प्रशासन से अनुमति मांगी गई है।

घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुटे रहे। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि अनुमति मिलते ही नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


Next Story
null