
रायपुर. प्रदेश कांग्रेस रायगढ़ जिले के तमनार ब्लॉक के धौराभाठा गांव में जिंदल उद्योग को आबंटित गारे पेलमा सेक्टर-1 कोल ब्लॉक के विरोध में गत 5 दिसंबर से चल रहे शांतिपूर्ण आंदोलन के अचानक हिंसक रूप लेने की जांच करेगी. कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज की अनुशंसा पर 9 सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया गया है.
इस कमेटी में पूर्व मंत्री धनेंद्र साहू को संयोजक बनाया गया है. वहीं सदस्य के रूप में पूर्व मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया, विधायक उमेश पटेल, लालजीत सिंह राठिया, इंद्रशाह मंडावी, उत्तरी जांगड़े, जनक ध्रुव, रायगढ़ जिलाध्यक्ष नागेंद्र नेगी व सीसी अध्यक्ष रायगढ़ शाखा यादव को शामिल किया गया है.
प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैंदू के हस्ताक्षर से जारी इस जांच कमेटी को अविलंब क्षेत्र का दौरा कर पीड़ित ग्रामवासियों से भेंट और चर्चा कर घटना की वस्तुस्थिति से अवगत होकर अपना प्रतिवेदन प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजने का निर्देश दिया गया है. बता दें कि इस हिंसा में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. दरअसल भू-अधिग्रहण और प्रस्तावित उत्खनन परियोजना के खिलाफ धरने पर बैठे ग्रामीणों को हटाने जब पुलिस पहुंची, तो जमकर झूमाझटकी हुई, जिसके बाद हालात बेकाबू हो गए.





