छत्तीसगढ़

कोलम सराईडिपा में तमनार पुलिस ने साइबर क्राइम जागरूकता अभियान चलाया

Shantanu Roy
16 Nov 2025 10:36 PM IST
कोलम सराईडिपा में तमनार पुलिस ने साइबर क्राइम जागरूकता अभियान चलाया
x
छग
Raigarh. रायगढ़। थाना तमनार की पुलिस टीम ने आज ग्राम कोलम सराईडिपा के साप्ताहिक बाजार में साइबर क्राइम और डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव के लिए एक व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। इस अवसर पर थाना प्रभारी निरीक्षक कमला पुसाम के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, बैंकिंग फ्रॉड और अन्य साइबर खतरों के प्रति सचेत किया। पुलिस टीम ने बताया कि आज के डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, और ग्रामीण क्षेत्र भी इससे अछूते नहीं हैं। अक्सर लोग इंटरनेट, मोबाइल एप्लिकेशन और सोशल मीडिया का उपयोग करते समय अनजाने में धोखाधड़ी का शिकार हो जाते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने लोगों को ऑनलाइन लेन-देन करते समय सावधानी बरतने, किसी भी अनजान लिंक या संदेश पर भरोसा न करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का निर्देश दिया। जागरूकता अभियान के दौरान पुलिस ने ग्रामीणों के बीच पंपलेट भी वितरित किए।

जिनमें साइबर सुरक्षा के आसान उपाय, बैंकिंग फ्रॉड से बचने के टिप्स और किसी भी ऑनलाइन धोखाधड़ी की स्थिति में पुलिस से संपर्क करने की जानकारी दी गई। ग्रामीणों ने पंपलेट प्राप्त कर खुशी व्यक्त की और कहा कि यह जानकारी उनके लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगी। थाना प्रभारी कमला पुसाम ने ग्रामीणों से अपील की कि साइबर सुरक्षा केवल व्यक्तिगत जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज की सुरक्षा के लिए भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय सुरक्षित समाज की नींव है। ऐसे कार्यक्रमों के
माध्यम
से ग्रामीण अपने परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी जागरूक कर सकते हैं और साइबर अपराधों से बचाव सुनिश्चित कर सकते हैं। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि सभी वर्ग के लोग डिजिटल खतरों के प्रति सजग रहें। पुलिस टीम ने ग्रामीणों को बताया कि किसी भी ऑनलाइन धोखाधड़ी या साइबर अपराध की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस हेल्पलाइन नंबर पर दी जाए। इस अभियान में पुलिस स्टाफ के अलावा स्थानीय नागरिकों ने भी सहभागिता दिखाई। उन्होंने बताया कि जागरूकता कार्यक्रम से उन्हें साइबर अपराधों के प्रति सावधानी बरतने और डिजिटल लेन-देन सुरक्षित करने के महत्वपूर्ण उपाय सीखने का मौका मिला।
Next Story