एसपी धमतरी के निर्देश पर डायल 112 की तत्परता पर सरप्राइज चेक

धमतरी। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशानुसार आमजन को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डायल-112 सेवा की कार्यक्षमता एवं रिस्पांस टाइम का आकस्मिक परीक्षण किया गया।
इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय द्वारा डायल-112 की सरप्राइज चेकिंग की गई। परीक्षण के दौरान एक सड़क दुर्घटना (एक्सीडेंट) की काल्पनिक सूचना डायल-112 कंट्रोल रूम को दी गई। सूचना प्राप्त होते ही डायल-112 की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 5 मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंचकर अपनी तत्परता एवं दक्षता का परिचय दिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय ने मौके पर पहुंचकर स्वयं डायल-112 की रिस्पांस टाइम, टीम की कार्यप्रणाली एवं समन्वय का निरीक्षण किया तथा त्वरित प्रतिक्रिया पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भविष्य में भी इसी प्रकार संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ आमजन को सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी आपातकालीन स्थिति, दुर्घटना, अपराध अथवा सहायता की आवश्यकता होने पर तत्काल डायल-112 पर कॉल करें। धमतरी पुलिस आपकी सुरक्षा एवं सेवा के लिए 24×7 तत्पर है।





