छत्तीसगढ़

सब इंजीनियर सस्पेंड, स्टेडियम निर्माण में गड़बड़ी का आरोप

Nilmani Pal
8 April 2023 3:20 AM GMT
सब इंजीनियर सस्पेंड, स्टेडियम निर्माण में गड़बड़ी का आरोप
x
छग

दुर्ग। भिलाई नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत वार्ड 65, सेक्टर 7 में निर्माणाधीन इंडोर बैडमिंटन कोर्ट ढहने के मामले में की गई निगम आयुक्त की कार्रवाई पर सवार खड़े हो रहे हैं। निगम प्रशासन ने इस मामले में दोषी उप अभियंता श्वेता महेश्वर को तो सस्पेंड कर दिया, लेकिन उससे बड़े अधिकारी सहायक अभियंता मो. वसीम खान को प्रमोशन दे दिया। कोर्ट ढहने के बाद वसीम जोन 5 के सहायक अभियंता तो रहेंगे ही साथ ही अब वो निगम सचिव की जिम्मेदारी संभालेंगे।

निगम आयुक्त रोहित व्यास ने आदेश जारी करते हुए निगम के सचिव नरेंद्र कुमार बंजारे को पद से हटाकर उनकी जगह जोन 5 के सहायक अभियंता मो. वसीम खान को सचिव पद की जिम्मेदारी दे दी है। बताया जा रहा है कि ऐसा राजनीतिक दबाव के चलते हुआ है। भिलाई निगम के नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा का कहना है कि किसी भी निर्माण की गुणवत्ता देखरेख की जिम्मेदारी जितनी सब इंजीनियर की होती है उतनी ही सहायक अभियंता की भी होती है। बैडमिंटन कोर्ट ढहने के मामले में निगम आयुक्त ने सब इंजीनियर को सस्पेंड कर दिया, लेकिन इसमें सहायक अभियंता को क्यों छोड़ दिया गया। ऐसा क्या दबाव था कि निगम आयुक्त को उसको सहायक अभियंता रहते हुए निगम सचिव के पद की भी जिम्मेदारी देनी पड़ी।


Next Story