
कवर्धा। दुर्ग संभाग आयुक्त एस.एन. राठौर ने सहसपुर लोहारा तहसील कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तहसील न्यायालय में दर्ज प्रकरणों, लंबित मामलों तथा सुनवाई के लिए निर्धारित तैयार प्रकरणों की विस्तृत जानकारी ली।
संभागायुक्त ने त्रुटि-सुधार संबंधित प्रकरणों की विशेष रूप से समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि ऐसे सभी मामलों में पक्षकारों को अनिवार्य रूप से नोटिस जारी किए जाएं, जिससे समयबद्ध रूप से सुनवाई एवं निराकरण सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि राजस्व संबंधी जनसमस्याओं का निराकरण संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ किया जाना चाहिए। उन्होंने राजस्व निरीक्षकों एवं हल्का पटवारियों के लिए निर्देशित किया कि वे जांच प्रतिवेदन एवं समीकन प्रतिवेदन समय-सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से प्रस्तुत कराना सुनिशित करें। साथ ही उन्होंने राजस्व कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखते हुए गति लाने पर सख्त निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीसीएस (रबी फसल) कार्य की भी समीक्षा की गई। राठौर ने इस दिशा में तत्परता दिखाते हुए दो दिवस के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
संभागायुक्त राठौर ने भर्ती मरीजों से संवाद कर व्यवस्थाओं पर लिया फीडबैक
संभागायुक्त राठौर ने अस्पताल परिसर की बिल्डिंग के बेहतर उपयोग पर जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन भवन का उपयोग मरीजों की सुविधाओं के विस्तार के लिए किया जाए। साथ ही निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि भर्ती मरीजों और उनके परिजनों को स्वच्छ और पोषक भोजन की उपलब्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए। महिला वार्ड के निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त श्री राठौर ने भर्ती महिलाओं से सीधा संवाद किया, उनकी समस्याएं जानी और अस्पताल की व्यवस्थाओं पर फीडबैक लिया। इस दौरान जंगल, रेंगाखार पेंड्रीपानी क्षेत्र से उपचार के लिए पहुँचीं मरीज श्रीमती जानकी यादव से चर्चा करते हुए उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता की जानकारी ली।
संभागायुक्त राठौर ने पीएम-जनमन योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन सड़क का किया निरीक्षण
संभागायुक्त राठौर ने इसके पश्चात बोड़ला विकासखंड के ग्राम सिंघनपूरी का दौरा किया, जहां उन्होंने पीएम जनमन योजना के अंतर्गत सिंघनपूरी से बैगाडेरा तक निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण किया। यह सड़क 4 किलोमीटर लंबी है और इसे 2 करोड़ 55 लाख रुपये की लागत से बनाया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण स्थल पर पहुँचकर सड़क निर्माण की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और कार्य समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए। संभागायुक्त श्री राठौर ने कहा कि यह सड़क बैगा आदिवासी समुदाय के लिए एक महत्वपूर्ण आधारभूत सुविधा होगी। इससे इन दूरस्थ इलाकों में आवागमन की सुविधा में सुधार होगा, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों तक इनकी पहुंच आसान होगी।





