जगदलपुर शहर में अवैध नल कनेक्शन वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

जगदलपुर। शहर में अवैध नल कनेक्शन और जलकर बकाया को लेकर नगर निगम अब सख्ती के मूड में है। नगर निगम जगदलपुर ने 17 फरवरी से डोर-टू-डोर जांच अभियान शुरू करने की घोषणा की है। अभियान के दौरान अवैध नल कनेक्शन धारकों और जलकर बकायादारों पर कार्रवाई की जाएगी। निगम प्रशासन के मुताबिक, वर्तमान में शहर में 24 हजार से अधिक जलकर दाता पंजीकृत हैं, लेकिन बड़ी संख्या में अवैध नल कनेक्शन संचालित होने की जानकारी मिली है। शिकायतों में यह भी सामने आया है कि कुछ उपभोक्ताओं ने निर्धारित मापदंड से अधिक आकार के पाइप लगाए हैं।
खासकर गर्मी के मौसम में पानी का अत्यधिक उपयोग और दुरुपयोग किया जा रहा है। इससे अन्य उपभोक्ताओं की जल आपूर्ति प्रभावित होती है। महापौर संजय पांडे ने स्पष्ट किया है कि अवैध कनेक्शन धारकों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं जल कार्य विभाग के सभापति सुरेश गुप्ता ने बताया कि 17 फरवरी से प्रत्येक वार्ड में जांच अभियान चलाया जाएगा। जांच के दौरान जिन उपभोक्ताओं का जलकर बकाया पाया जाएगा, उनसे तत्काल भुगतान करने को कहा जाएगा। भुगतान नहीं करने पर नियमानुसार नल कनेक्शन कट किए जाएंगे।





