
सूरजपुर। जिले के जयनगर थाना क्षेत्र में पुलिस की जुआ छापेमारी एक बड़ी घटना में बदल गई। जुआं खेलते लोगों पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस की रेड के दौरान एक युवक की कुएं में गिरने से मौत हो गई। इसके बाद क्षेत्र में माहौल बिगड़ गया और देर रात बड़ी संख्या में ग्रामीण थाने के बाहर जमा हो गए। देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन उग्र हो गया और भीड़ ने थाने के बाहर आगजनी और पत्थरबाजी शुरू कर दी।
इस दौरान हुई पत्थरबाजी में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिसके बाद स्थिति पर काबू पाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इस दौरान कई ग्रामीणों को भी चोटें आईं। दीपावली से पहले हुई इस घटना ने पूरे क्षेत्र में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति को तनावपूर्ण बना दिया।
रात में बिगड़ी लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति को जैसे-तैसे कम पुलिस बल के साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो ने मोर्चा संभाल कर लगभग 2:00 बजे नियंत्रित कर लिया, लेकिन पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती यह रही कि पुलिस रात में कुएं में पड़े युवक के शव को बाहर नहीं निकाल सकी और सुबह बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर युवक के शव को बाहर निकाला। लेकिन युवक के शव को बाहर निकालना भी पुलिस के लिए आसान नहीं रहा। काफी मशक्कत के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने परिजनों के साथ बैठक कर उन्हें समझाया, लेकिन मृतक के परिजन दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर अड़े रहे। इस वजह से कड़े विरोध के बीच मृतक का शव कुएं से बाहर निकाला जा सका। जिसके बाद परिजन शव को लेकर नेशनल हाईवे जाम करते हुए धरने पर बैठ गए। कई घंटे तक परिजन सहित ग्रामीणों का धरना-प्रदर्शन जारी रहा और नेशनल हाईवे पर आवागमन बाधित रहा।





