छत्तीसगढ़

रायपुर में तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर पलटी, युवती की दर्दनाक मौत

Shantanu Roy
6 Sept 2026 12:47 PM IST
रायपुर में तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर पलटी, युवती की दर्दनाक मौत
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के मंदिरहसौद थाना क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। सेडीखेड़ी इलाके में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और फिर पलट गई। हादसे में कार सवार एक युवती की मौत हो गई, जबकि दो युवक और एक अन्य युवती घायल हो गए हैं। सभी घायलों का इलाज निजी अस्पताल में जारी है। जानकारी के अनुसार, घटना देर रात की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि युवक-युवतियां नया रायपुर की ओर गए हुए थे और वहां से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सेडीखेड़ी के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई। तेज रफ्तार होने के कारण चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन सीधे डिवाइडर से जा टकराया।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी और राहत कार्य शुरू किया। घटना की जानकारी मिलते ही मंदिरहसौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद एक युवती को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल दो युवक और एक युवती का इलाज चल रहा है। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर कार की तेज रफ्तार और नियंत्रण बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है। मंदिरहसौद थाना पुलिस अब घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसे के समय वाहन की गति कितनी थी और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई। राजधानी में लगातार हो रहे सड़क हादसों के बीच यह घटना एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे को उजागर करती है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और यातायात नियमों का पालन करें।
Next Story