छत्तीसगढ़
सेवा मेरा योगदान के तहत नगरीय निकायों में चला विशेष स्वच्छता एवं वृक्षारोपण अभियान
Shantanu Roy
24 Sept 2026 1:29 PM IST

x
छग
Mahasamund. महासमुंद। सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत सेवा सेवा मेरा योगदान कार्यक्रम के तहत जिले के नगरीय निकायों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष स्वच्छता एवं वृक्षारोपण गतिविधियां आयोजित की गईं।स्वच्छता हेतु जनभागीदारी के अनुरूप नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारी-कर्मचारियों ने मिलकर सार्वजनिक स्थलों, तालाबों एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। नगर पंचायत पिथौरा में पुरानी बस्ती तालाब परिसर में विशेष स्वच्छता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के दौरान तालाब एवं उसके आसपास के परिसर की साफ-सफाई कर कचरे एवं अपशिष्ट को हटाया गया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के लिए वृक्षारोपण किया गया। इस पहल का उद्देश्य जलस्रोतों, धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाए रखना तथा नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पार्षदगण, अधिकारी-कर्मचारी, सफाई दीदियां एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
सभी ने स्वच्छता को नियमित जीवनशैली का हिस्सा बनाने तथा सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए सामूहिक प्रयास का संकल्प लिया। इसी क्रम में नगर पंचायत बसना के वार्ड क्रमांक 9 स्थित शिव मंदिर तालाब में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत तालाब परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों की सफाई की गई तथा एकत्रित कचरे एवं अपशिष्ट को हटाकर परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाया गया। अभियान के माध्यम से नागरिकों को जलस्रोतों की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने के प्रति जागरूक किया गया। नगर पालिका बागबाहरा में भी वार्ड क्रमांक 6 स्थित शिव मंदिर तालाब परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। अभियान के दौरान तालाब एवं आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई कर कचरा एवं अपशिष्ट हटाया गया। स्थानीय स्तर पर नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों की नियमित साफ-सफाई बनाए रखने का संदेश दिया गया। अभियान में जनभागीदारी एवं सामूहिक प्रयासों के महत्व को रेखांकित करते हुए लोगों से अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने तथा जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाने की अपील की गई।
Next Story





