
बिलासपुर। बिलासपुर स्मार्ट सिटी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए काम को लटका कर रखने वाले ठेका कंपनियों पर करोड़ों का जुर्माना लगाते हुए ठेका भी निरस्त कर दिया है. स्मार्ट सिटी के इस कार्रवाई से ठेकेदारों में हड़कंप मचा हुआ है.
बिलासपुर स्मार्ट सिटी की ओर से पहली कार्रवाई अरपा उत्थान एवं तट संवर्धन योजना के तहत नदी की बांई ओर इंदिरा सेतु से पुराना पुल तक निर्माणाधीन सड़क कार्य करने वाले ठेका कंपनी पर की गई है. योजना के दूसरे चरण के तहत 49 करोड़ 94 लाख रुपए की लागत से इस नदी की बांई ओर समतलीकरण, रिटेनिंग वाल, टोवाल, नाला, सड़क समेत अन्य कार्य किए जाने थे, जिसके लिए मेसर्स गणपति इंफ्रास्ट्रक्चर को कार्यादेश जारी किया गया था.
समयावधि बीत जाने के बावजूद ठेका कंपनी द्वारा काम को पूरा नहीं किया गया, जिसके बाद ठेका कंपनी को एक्सटेंशन प्रदान किया गया परंतु ठेका कंपनी द्वारा शीघ्र गति से कार्य को पूर्ण करने में किसी भी प्रकार की रुचि नहीं दिखाई गई. कार्य की धीमी रफ्तार को देखते हुए एमडी अमित कुमार के निर्देश पर 2 अप्रैल को गणपति इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी पर 37 लाख 50 हजार रुपए का अर्थदंड लगाया गया था. अर्थदंड और नोटिस के बावजूद कार्य में प्रगति नहीं लाने पर 14 अगस्त को एमडी अमित कुमार के निर्देश पर कार्य की नियम शर्तों के अनुरुप 6 प्रतिशत की दर से गणपति इंफ्रास्ट्रक्चर पर 2 करोड़ 99 लाख रुपए का अर्थदंड लगाया गया है, और ठेका को निरस्त करते हुए उक्त कार्य के लिए नया टेंडर जारी किया गया है.





