छत्तीसगढ़
शहर में तेंदुआ दिखने से हड़कंप, वन विभाग ने शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन
Shantanu Roy
5 Oct 2026 1:20 PM IST

x
छग
Kawardha. कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा शहर के व्यस्त इलाके में तेंदुआ दिखाई देने से हड़कंप मच गया। शहर के हृदय स्थल स्नेहा क्लीनिक के पास तेंदुए को देखे जाने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। मामले की जानकारी वन विभाग को दी गई, जिसके बाद विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। पूरा मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि तेंदुआ जंगल से भटककर शहर की ओर पहुंच गया है। आबादी वाले इलाके में अचानक तेंदुआ दिखाई देने की खबर कुछ ही समय में आसपास के क्षेत्रों में फैल गई। इसके बाद तेंदुए को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचने लगे।
भीड़ बढ़ने से रेस्क्यू ऑपरेशन में परेशानी की आशंका को देखते हुए वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने लोगों को घटनास्थल से दूर करना शुरू किया। लोगों से लगातार अपील की जा रही है कि वे तेंदुए के करीब जाने या उसका पीछा करने की कोशिश न करें और सुरक्षित स्थान पर रहें। सूचना मिलने के बाद DFO समेत वन विभाग के अधिकारी और वनकर्मी मौके पर पहुंच गए। टीम तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखते हुए उसे सुरक्षित पकड़ने की कोशिश में जुटी है। आसपास के क्षेत्र में भी निगरानी की जा रही है, ताकि तेंदुआ किसी दूसरे आबादी वाले इलाके की ओर न बढ़े। वन विभाग ने आसपास रहने वाले लोगों को विशेष रूप से सतर्क रहने की हिदायत दी है।
लोगों से घरों से अनावश्यक बाहर नहीं निकलने और बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए कहा गया है। इसके साथ ही तेंदुए को देखने के लिए मौके पर भीड़ नहीं लगाने की अपील की गई है। शहर के बीच तेंदुआ पहुंचने की सूचना के बाद इलाके में लोगों के बीच डर का माहौल बना हुआ है। वन विभाग की प्राथमिकता तेंदुए को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित रेस्क्यू करना और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इसी को देखते हुए वनकर्मी मौके पर लगातार निगरानी कर रहे हैं। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि तेंदुआ जंगल से रास्ता भटककर शहर की आबादी वाले हिस्से में पहुंच गया। हालांकि वह किस दिशा से शहर में दाखिल हुआ, इसे लेकर फिलहाल स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल स्नेहा क्लीनिक के आसपास वन विभाग की टीम तैनात है और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। अधिकारियों की ओर से लोगों को घटनास्थल से दूरी बनाए रखने और वन विभाग के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी जा रही है। तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
Next Story





