छत्तीसगढ़

थोक दुकान का शटर तोड़कर सिगरेट-पान मसाला समेत 95 हजार पार, FIR दर्ज

Shantanu Roy
29 Nov 2026 4:56 PM IST
थोक दुकान का शटर तोड़कर सिगरेट-पान मसाला समेत 95 हजार पार, FIR दर्ज
x
छग
Raigarh. रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के खरसिया में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। यहां डभरा रोड स्थित गल्ला-किराना की थोक दुकान को अज्ञात चोर ने निशाना बनाया। दुकान का शटर और ताला तोड़कर आरोपी अंदर घुसा और सिगरेट, रजनीगंधा, पान मसाला, इलायची सहित नकदी लेकर फरार हो गया। चोरी गए सामान और नकदी की कुल कीमत करीब 95 हजार रुपये बताई गई है। हैरानी की बात यह है कि आरोपी ने दुकान के अलावा पास की एक अन्य दुकान का शटर भी तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मामले में खरसिया पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मां के निधन के कारण कई दिनों से बंद थी दुकान
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, खरसिया के शनि मंदिर रोड निवासी विवेक अग्रवाल (36 वर्ष) डभरा रोड पर विनय एजेंसी नाम से गल्ला-किराना की थोक दुकान संचालित करते हैं। गुरुवार रात करीब 8:30 बजे वे रोजाना की तरह दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। इसी दौरान उनकी मां का निधन हो गया। पारिवारिक दुख के चलते वे दुकान नहीं खोल रहे थे। शनिवार को उनके दोस्त निखिल अग्रवाल ने फोन कर जानकारी दी कि दुकान का शटर टूटा हुआ है। निखिल डभरा रोड पर ही हार्डवेयर की दुकान चलाते हैं। सूचना मिलते ही विवेक अपने भाई के साथ दुकान पहुंचे।

शटर का ताला टूटा, अंदर बिखरा पड़ा था सामान
दुकान पहुंचने पर विवेक ने देखा कि शटर का ताला टूटा हुआ था और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। दुकान के काउंटर का दराज भी खुला हुआ मिला। इसके बाद उन्होंने सामान और नकदी का मिलान किया तो कई कीमती चीजें गायब मिलीं। चोर दुकान से अलग-अलग कंपनियों की सिगरेट, रजनीगंधा, पान बहार, राजश्री पान मसाला, करीब 4 किलो इलायची और काउंटर में रखी नकदी चोरी कर ले गया था। चोरी गए सामान और नकदी की कुल कीमत लगभग 95 हजार रुपये आंकी गई है।

दोस्त की दुकान को भी बनाया निशाना
इस चोरी की घटना में एक और दुकान को निशाना बनाए जाने की बात सामने आई है। आरोपी ने विवेक अग्रवाल की दुकान के अलावा उनके दोस्त निखिल अग्रवाल की नरेश ट्रेडर्स दुकान का शटर भी तोड़ दिया था। वहां से भी सामान चोरी किए जाने की जानकारी मिली है। इससे आशंका जताई जा रही है कि आरोपी ने दुकानों के बंद होने का फायदा उठाकर एक के बाद एक चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

CCTV में चेहरा ढका होने से पहचान नहीं
घटना के बाद दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। हालांकि, फुटेज में आरोपी का चेहरा कपड़े से ढका हुआ दिखाई देने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर चोर का पता लगाने में जुटी है।

खरसिया पुलिस ने दर्ज किया मामला
विवेक अग्रवाल की शिकायत पर खरसिया थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(a) और 331(4) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस चोरी की वारदात में शामिल व्यक्ति की तलाश कर रही है। फिलहाल लगातार बंद दुकानों को निशाना बनाकर की गई इस चोरी से स्थानीय व्यापारियों में चिंता है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाकर मामले की जांच कर रही है।
Next Story