छत्तीसगढ़

पंडरी में देर रात दुकानों में तोड़फोड़, निगम कर्मचारी बनकर पहुंचे लोगों पर आरोप

Shantanu Roy
3 Nov 2026 10:13 PM IST
पंडरी में देर रात दुकानों में तोड़फोड़, निगम कर्मचारी बनकर पहुंचे लोगों पर आरोप
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के व्यस्ततम पंडरी मेन रोड स्थित शहीद हेमू कालाणी वार्ड में सोमवार देर रात करीब 2 बजे गुपचुप तरीके से तीन दुकानों में तोड़फोड़ किए जाने का एक गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित दुकानदारों का आरोप है कि नगर निगम के कर्मचारी बनकर पहुंचे करीब 5 लोगों ने देर रात दुकानों की छत पर ड्रिलिंग मशीन चलाकर भारी तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस अवैध कार्रवाई के कारण दुकानों में रखा दीपावली त्यौहार का करीब 5 से 7 लाख रुपये का माल पूरी तरह खराब और बर्बाद हो गया है।
स्थानीय व्यापारियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए देर रात मौके से ही तोड़फोड़ कर रहे 2 संदिग्धों को रंगे हाथों पकड़कर स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि, दुकानदारों का आरोप है कि घटना की लिखित शिकायत देने और आरोपियों को पुलिस को सौंपने के बावजूद पुलिस द्वारा अब तक इस मामले में एफआईआर (FIR) दर्ज नहीं की गई है। पूरा मामला शहीद हेमू कालाणी वार्ड के अंतर्गत धीरज अरोरा के स्वामित्व वाले परिसर का है, जहां नीचे तीन दुकानें किराए पर संचालित की जा रही हैं। बताया जा रहा है कि नगर निगम जोन-2 द्वारा बीते 29 सितंबर को उक्त भवन को 'जर्जर' घोषित करते हुए खाली करने का नोटिस चस्पा किया गया था। हालांकि, व्यापारियों का कहना है कि इमारत बिल्कुल भी जर्जर स्थिति में नहीं है और दुकान खाली कराने की मंशा से यह मनगढ़ंत आधार बनाया गया है।
व्यापारियों ने इस नोटिस का विरोध करते हुए नगर निगम जोन-2 कार्यालय और निगम मुख्यालय (व्हाइट हाउस) में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर मांग की थी कि किसी निष्पक्ष तकनीकी विशेषज्ञ या इंजीनियर से बिल्डिंग की आधिकारिक जांच कराई जाए, जिसके बाद ही कोई फैसला लिया जाए। दुकानदारों का आरोप है कि उनके आवेदन पर सुनवाई या किसी भी प्रकार की तकनीकी जांच पूरी होने से पहले ही, मकान मालिक धीरज अरोरा ने कथित तौर पर कुछ लोगों और निगम के कर्मचारियों के साथ साठगांठ कर देर रात अवैध रूप से तोड़फोड़ शुरू करवा दी।
पीड़ित लोकनाथ पनीर डोसा के संचालक जमना प्रसाद गुप्ता ने अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि मकान मालिक ऊपर रहता है और वे नीचे वर्षों से अपनी दुकान चला रहे हैं। लेकिन देर रात की गई इस अचानक तोड़फोड़ से दुकानों की छत क्षतिग्रस्त हो गई और मलबा नीचे गिर गया, जिससे अब दुकान चलाना असंभव हो गया है। गुप्ता ने आगे बताया कि उनके पास स्थित बीकानेर मिठाई दुकान में दीपावली पर्व की बिक्री के लिए करीब 5 से 7 लाख रुपये की मिठाइयां और कच्चा माल तैयार कर रखा गया था। छत टूटने और मलबे के कारण पूरी सामग्री नष्ट हो गई। व्यापारियों ने सवाल उठाया है कि बिना किसी आधिकारिक प्रशासनिक टीम की मौजूदगी और बिना अग्रिम सूचना के रात के अंधेरे में इस तरह की कार्रवाई कैसे की जा सकती है? पीड़ित दुकानदारों ने पुलिस और जिला प्रशासन से मामले में तत्काल निष्पक्ष एफआईआर दर्ज करने, दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा हुए भारी-भरकम आर्थिक नुकसान का उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
Next Story