छत्तीसगढ़

डॉक्टर से 34 लाख की साइबर ठगी का बड़ा खुलासा, इंदौर से आरोपी गिरफ्तार

Shantanu Roy
3 Nov 2026 5:29 PM IST
डॉक्टर से 34 लाख की साइबर ठगी का बड़ा खुलासा, इंदौर से आरोपी गिरफ्तार
x
छग
Raigarh. रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शेयर ट्रेडिंग के नाम पर डॉक्टर से 34 लाख 17 हजार 531 रुपये की ऑनलाइन ठगी के मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में साइबर थाना रायगढ़ की टीम ने गिरोह के एक अन्य आरोपी रईस खान को मध्य प्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी शेयर बाजार में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर लोगों को निवेश के लिए प्रेरित करता था। उसके कब्जे से टाटा नेक्सॉन कार, लैपटॉप,
तीन मोबाइल
फोन और 1 लाख 39 हजार 500 रुपये नकद सहित करीब 12 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। आरोपी को रायगढ़ लाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, रायगढ़ के सोनकरपारा, जूटमिल निवासी डॉ. दिलीप कुमार मिश्रा ने 27 मई 2026 को साइबर थाने में ऑनलाइन धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि मार्च 2025 में मोबाइल फोन के माध्यम से उनका संपर्क सुनील नामक व्यक्ति से हुआ था। उसने शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने पर अधिक मुनाफा दिलाने का भरोसा दिया और स्पार्टन ट्रेड कंपनी में पैसा लगाने के लिए प्रेरित किया। आरोपियों ने व्हाट्सऐप के माध्यम से डॉक्टर को कंपनी का कथित निवेश पोर्टफोलियो भेजा। इसमें निवेश की रकम पर लगातार बढ़ता हुआ मुनाफा दिखाया जाता था। शुरुआत में डॉक्टर को लगा कि उनका पैसा शेयर बाजार में सुरक्षित तरीके से निवेश हो रहा है और उन्हें अच्छा लाभ मिल रहा है। इसके बाद अलग-अलग मोबाइल नंबरों से अन्य लोगों ने भी संपर्क कर ज्यादा रकम लगाने के लिए प्रोत्साहित किया।
पुलिस के मुताबिक, 28 अप्रैल 2025 से 3 अप्रैल 2026 के बीच डॉक्टर ने विभिन्न बैंक खातों में कुल 34 लाख 17 हजार 531 रुपये जमा किए। ऑनलाइन पोर्टफोलियो में उनकी निवेश राशि और मुनाफा बढ़ता दिखाई देता रहा, लेकिन जब उन्होंने अपनी रकम निकालने की कोशिश की तो पैसा वापस नहीं मिला। इसके बजाय आरोपियों ने और निवेश करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। लगातार रकम मांगने और निकासी नहीं होने पर डॉक्टर को ठगी का संदेह हुआ। शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना रायगढ़ में अपराध क्रमांक 06/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 3(5) में मामला दर्ज किया गया। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने संदिग्ध बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल लेन-देन की तकनीकी जांच शुरू की। इसी जांच में साइबर ठगी के तार मध्य प्रदेश के इंदौर से जुड़े होने की जानकारी सामने आई। इससे पहले अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में भी पुलिस ने इंदौर से जुड़े इस संदिग्ध साइबर नेटवर्क पर कार्रवाई की थी।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि ज्योति मालवीय के नाम पर पंजीकृत मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कथित साइबर ठगी में किया गया था। आगे की पड़ताल में उसके नाम पर 23 अन्य मोबाइल सिम संचालित होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने इंदौर के पलासिया क्षेत्र में स्थित एक कॉल सेंटर में दबिश देकर तनिषा पाटिल को पकड़ा। इसके बाद विजय नगर क्षेत्र से ज्योति मालवीय और परदेशीपुरा क्षेत्र से तरुण नागर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में ज्योति मालवीय ने बताया कि उसने अपने आधार कार्ड के जरिए जारी सिम कार्ड गिरोह को उपलब्ध कराए थे। वह सिम कार्ड बेचने वाले तरुण नागर के संपर्क में थी। जांच में करीब 100 से 150 सिम कार्ड उपलब्ध कराने की बात सामने आई। तनिषा पाटिल पर भी गिरोह को मोबाइल सिम उपलब्ध कराने का आरोप है। इन गिरफ्तारियों के बाद पुलिस ने नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और तलाश तेज कर दी थी।
इसी दौरान जांच में रईस खान की भूमिका सामने आई। पुलिस ने उसकी तलाश में इंदौर के कावेरी परिसर में दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान 31 वर्षीय रईस खान, पिता जाकिर खान, मूल निवासी ग्राम मंडावर, थाना बोड़ा, जिला राजगढ़, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। वह वर्तमान में इंदौर के भंवरकुआ थाना क्षेत्र स्थित कावेरी परिसर में रह रहा था। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि रईस खान पिछले करीब दो वर्षों से इंदौर में शेयर मार्केट एडवाइजरी का काम कर रहा था। वह मुंबई मुख्यालय वाली एक शेयर ब्रोकिंग कंपनी से सब-ब्रोकर के रूप में जुड़ा हुआ था। पुलिस के अनुसार, आरोपी अपने एक साथी के साथ मिलकर लोगों को ट्रेडिंग अकाउंट खुलवाने और अधिक मुनाफा कमाने का भरोसा देता था।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने अपने काम के लिए तरुण नागर से करीब 100 से 150 मोबाइल सिम खरीदे थे। इन नंबरों के जरिए अलग-अलग लोगों से संपर्क कर उन्हें डीमैट अकाउंट खुलवाने और शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने के लिए प्रेरित किया जाता था। पुलिस का आरोप है कि इन मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल ठगी के नेटवर्क को संचालित करने में भी किया गया। पुलिस के मुताबिक, रईस खान ने 24 जून 2025 को रायगढ़ के डॉक्टर दिलीप मिश्रा से चार बार फोन पर बातचीत की थी। इस दौरान उसने डीमैट अकाउंट खुलवाने और शेयर बाजार में ज्यादा मुनाफा दिलाने का भरोसा दिया। जांच एजेंसी का कहना है कि इस तरह के संपर्क और निवेश संबंधी प्रलोभन के बाद डॉक्टर ने विभिन्न बैंक खातों में रकम भेजी थी।
पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर अन्य लोगों से भी इसी तरीके से रकम प्राप्त करने की जानकारी दी है। पुलिस का दावा है कि साइबर ठगी से अर्जित रकम का इस्तेमाल उसने नवंबर 2025 में टाटा नेक्सॉन कार खरीदने के लिए किया था। इसके अलावा मोबाइल फोन और लैपटॉप भी खरीदे गए थे। इन सामानों को जांच के दौरान जब्त किया गया है। हालांकि, आरोपी की कथित स्वीकारोक्ति और संपत्ति के स्रोत संबंधी तथ्यों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया में साक्ष्यों के आधार पर होगी। पुलिस ने रईस खान के कब्जे से एक टाटा नेक्सॉन कार, एक लैपटॉप, तीन मोबाइल फोन—वनप्लस, रियलमी और आईफोन—दो एटीएम कार्ड, एक क्रेडिट कार्ड, आधार कार्ड तथा 1 लाख 39 हजार 500 रुपये नकद जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है। गिरफ्तारी के बाद इंदौर न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर आरोपी को रायगढ़ लाया गया और न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद जेल भेज दिया गया।
Next Story