छत्तीसगढ़

पुलिस रहते 39 साल सेवा की, ASI आज हुए रिटायर

Nilmani Pal
31 March 2026 3:38 PM IST
पुलिस रहते 39 साल सेवा की, ASI आज हुए रिटायर
x

रायगढ़। पुलिस विभाग में 39 वर्षों की लंबी सेवा पूर्ण कर सहायक उप निरीक्षक जयराम सिदार आज 31 मार्च को अपनी अधिवर्षिकी आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर पुलिस कार्यालय में विभागीय परंपरा के अनुसार सेवा सम्मान कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें ससम्मान विदाई दी गई।

कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक अमित सिंह ने उनके सेवाकाल की जानकारी देते हुए बताया कि श्री जयराम सिदार वर्ष 1987 में जिला पुलिस बल रायगढ़ में आरक्षक के पद पर नियुक्त हुए थे। उन्होंने सिटी कोतवाली, घरघोड़ा, पूंजीपथरा, तमनार तथा अविभाजित जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के थाना सारंगढ़ में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2012 में प्रधान आरक्षक और वर्ष 2021 में सहायक उप निरीक्षक के पद पर पदोन्नत हुए। पदोन्नति के बाद उनका स्थानांतरण जिला जांजगीर-चांपा हुआ, जहां कुछ समय सेवा देने के पश्चात वे पुनः रायगढ़ लौटे और हाल ही में रक्षित केंद्र में पदस्थ थे।

मूलतः धरमजयगढ़ तहसील के ग्राम नवागांव निवासी सिदार वर्तमान में अपने परिवार के साथ चक्रधरनगर क्षेत्र में निवासरत हैं। उनके परिवार में पत्नी, दो पुत्र, दो पुत्रियां एवं बहु शामिल हैं। उनका एक पुत्र शिक्षक है, दोनों पुत्रियां मेडिकल (MBBS) की पढ़ाई कर चुकी हैं तथा छोटा पुत्र अध्ययनरत है।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि लंबी सेवा के बाद निर्विवाद रूप से सेवानिवृत्ति किसी भी पुलिसकर्मी के अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और परिवार के सहयोग का परिणाम होती है। उन्होंने श्री जयराम सिदार को स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे हमेशा पुलिस परिवार का हिस्सा रहेंगे और आवश्यकता पड़ने पर विभाग उनका सहयोग करेगा। पेंशन प्रकरण एवं देयकों की जानकारी लेकर मुख्य लिपिक को निर्देशित किया गया कि कोई भी देयक लंबित न रहे।

Next Story