छत्तीसगढ़
भिलाई में सनसनीखेज वारदात, कमर-पेट और पीठ पर चाकू से कई वार
Shantanu Roy
22 Nov 2026 6:13 PM IST

x
छग
Bhilai. भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई में लड़की से फोन पर बातचीत करने के शक में एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि लड़की ने अपने भाई और उसके साथियों के कहने पर युवक को मिलने के लिए सुपेला के गदा चौक बुलाया था। जैसे ही युवक वहां पहुंचा, पहले से घात लगाकर मौजूद तीन से चार युवकों ने उसे घेर लिया और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने युवक के कमर, सिर, पेट और पीठ पर कई वार किए। गंभीर रूप से घायल युवक किसी तरह अपनी स्कूटी से वहां से भागकर अस्पताल पहुंचा। मामले में वैशाली नगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए देर रात तीन लोगों को हिरासत में लिया है। घायल युवक की पहचान विवेक जय सिंह कुर्रे (30) के रूप में हुई है। घटना शनिवार रात करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, कुछ समय पहले विवेक की एक लड़की से पहचान हुई थी। करीब चार से पांच दिन पहले दोनों के बीच फोन पर बातचीत हुई थी। इसी बातचीत की जानकारी लड़की के भाई को हो गई थी। इसके बाद विवाद की स्थिति बनी और युवक को मिलने के बहाने सुपेला के गदा चौक बुलाया गया।
लड़की के बुलाने पर मिलने पहुंचा था युवक
विवेक के मुताबिक, लड़की ने उसे फोन पर बातचीत के बाद मिलने के लिए गदा चौक बुलाया था। वह लड़की को अपनी बहन मानता था और इसी भरोसे के साथ उससे मिलने पहुंचा था। उसे इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि मुलाकात के दौरान उसके साथ मारपीट और चाकूबाजी की घटना हो सकती है। बताया जा रहा है कि जब विवेक बताए गए स्थान पर पहुंचा तो वहां लड़की का भाई और उसके कुछ साथी पहले से मौजूद थे। युवक के पहुंचते ही आरोपियों ने उसे घेर लिया। इसके बाद बिना किसी मौका दिए उस पर चाकू से हमला शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले से विवेक संभल नहीं पाया और उसके शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें आईं।
कमर, सिर, पेट और पीठ पर किए चाकू से वार
पीड़ित के अनुसार, हमलावरों ने उसके कमर, सिर, पेट और पीठ पर चाकू से कई वार किए। हमले में वह लहूलुहान हो गया। इसके बावजूद उसने किसी तरह अपनी जान बचाने की कोशिश की। गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी विवेक ने हिम्मत नहीं हारी और अपनी स्कूटी लेकर घटनास्थल से भागने में कामयाब रहा। विवेक ने बताया कि चोटें इतनी गंभीर थीं कि उसके शरीर में चाकू धंस गया था, जिसे उसने खुद बाहर निकाला। इसके बाद वह सीधे अस्पताल पहुंचा। अचानक हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई।
सरकारी अस्पताल से निजी अस्पताल किया गया रेफर
घटना के बाद घायल विवेक को सबसे पहले सुपेला स्थित लाल बहादुर शास्त्री सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। हालांकि, शरीर पर कई गंभीर चोटें होने और हालत नाजुक होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
वैशाली नगर पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलते ही वैशाली नगर थाना पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की और देर रात तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। शुरुआती जांच में लड़की के भाई को विवेक और उसकी बहन के बीच फोन पर हुई बातचीत की जानकारी मिलने के बाद विवाद और हमले की साजिश का मामला सामने आया है। पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है। मामले में हमले के पीछे की वास्तविक वजह, अन्य शामिल लोगों और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। फिलहाल इस चाकूबाजी की घटना ने भिलाई में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Next Story





