छत्तीसगढ़

खारुन नदी किनारे अधेड़ की लाश मिलने से सनसनी, दो दिन पहले निकला था घर से

Shantanu Roy
3 Aug 2025 9:34 PM IST
खारुन नदी किनारे अधेड़ की लाश मिलने से सनसनी, दो दिन पहले निकला था घर से
x
छग
Bilaspur. बिलासपुर। जिले के सीपत थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंधी में रविवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब खारुन नदी के तट पर एक अधेड़ व्यक्ति की लाश संदिग्ध अवस्था में पड़ी मिली। मृतक की पहचान ग्राम मोहरा निवासी रामरतन साहू (72 वर्ष) पिता चोखाराम साहू के रूप में की गई है, जो दो दिन पहले घर से निकला था और तभी से लापता था। ग्रामीणों द्वारा लाश की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कर परिजनों को सूचित किया तथा मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।
शुक्रवार को मंदिर जाने की कहकर निकला था अधेड़
मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया कि रामरतन साहू शुक्रवार को अपने घर ग्राम मोहरा से वृंदावन मंदिर जाने की बात कहकर निकले थे। इसके बाद वह घर नहीं लौटे। परिवार वालों ने इधर-उधर खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। दो दिन बाद रविवार को ग्राम पंधी में खारुन नदी किनारे एक अधेड़ की लाश मिलने की खबर जैसे ही फैली, मृतक के परिवारजन भी मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की।
ग्रामीणों में चर्चा, पानी के बहाव के साथ आया शव
घटनास्थल पर मौजूद लोगों और ग्रामीणों ने आशंका जताई कि रामरतन साहू का शव ग्राम मोहरा की ओर से नदी में बहकर ग्राम पंधी तक पहुंचा होगा। यह भी चर्चा है कि वृद्ध संभवतः पैर फिसलने या असंतुलन की वजह से नदी में गिर गया होगा, लेकिन अब तक यह स्पष्ट नहीं है कि यह हादसा था या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर भेजा पोस्टमार्टम के लिए
घटना की सूचना मिलते ही सीपत थाना प्रभारी गोपाल सतपथी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि रविवार दोपहर करीब 1 बजे ग्राम पंधी के कुछ ग्रामीण नदी किनारे गए थे, तभी उन्होंने एक अधेड़ व्यक्ति की लाश देखी। इसकी सूचना तत्काल थाना सीपत को दी गई। सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी ने बताया कि शव की शिनाख्त के बाद परिजनों को सूचित कर दिया गया है। प्रारंभिक जांच में कोई चोट या बाहरी हिंसा के निशान नहीं मिले हैं, फिर भी मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही की जा सकेगी। फिलहाल मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
खारुन नदी का बहाव और आसपास का इलाका बना खतरा
गौरतलब है कि खारुन नदी रतनपुर क्षेत्र के खूंटाघाट जलाशय से निकलकर बिलासपुर की अरपा नदी में मिलती है। यह नदी कई ग्रामीण इलाकों से होकर बहती है और बरसात के मौसम में जलस्तर अचानक बढ़ जाने की संभावना रहती है। ऐसे में नदी किनारे घूमना या पार करना जोखिम भरा साबित हो सकता है, खासकर बुजुर्गों और बच्चों के लिए। रामरतन साहू की मौत भी इसी संदर्भ में देखी जा रही है कि कहीं वह पानी के बहाव में बह तो नहीं गया।
Next Story