छत्तीसगढ़

सुरक्षा एजेंसियों ने नक्सलियों से 3 करोड़ 61 लाख कैश किया जब्त

Nilmani Pal
11 March 2026 1:35 PM IST
सुरक्षा एजेंसियों ने नक्सलियों से 3 करोड़ 61 लाख कैश किया जब्त
x

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में नक्सलवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच आज एक बड़ा घटनाक्रम सामने आने जा रहा है। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने जानकारी दी है कि 108 माओवादी आज जगदलपुर में सरकार के सामने हथियारों सहित आत्मसमर्पण करेंगे। गृहमंत्री विजय शर्मा ने सदन में बताया कि सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई के दौरान माओवादियों से 3 करोड़ 61 लाख रुपये नकद और करीब 1 किलो सोना भी जब्त किया गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक दक्षिण बस्तर डिविजनल कमेटी (DKSZC) के 108 नक्सली कैडर आत्मसमर्पण करने जा रहे हैं। यह सरेंडर कार्यक्रम पुलिस, केंद्रीय सुरक्षा बलों और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम जगदलपुर के लालबाग स्थित शौर्य भवन में दोपहर करीब 2 बजे होगा, जहां नक्सली औपचारिक रूप से हथियार डालेंगे। बताया जा रहा है कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली लंबे समय से बस्तर के अलग-अलग इलाकों में सक्रिय थे। लगातार चल रहे सुरक्षा अभियानों और सरकार की पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर उन्होंने मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया है।

सरेंडर कार्यक्रम में पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। आत्मसमर्पण के बाद इन नक्सलियों को सरकार की पुनर्वास नीति के तहत सहायता और अन्य सुविधाएं दी जाएंगी। प्रशासन का कहना है कि जो भी नक्सली हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटना चाहते हैं, उन्हें सरकार की ओर से हर संभव सहयोग दिया जाएगा। वहीं एक साथ इतनी बड़ी संख्या में नक्सलियों के सरेंडर को सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Next Story
null