छत्तीसगढ़

सेक्टर-6 सोसाइटी ने कमाया 2 करोड़ से ज्यादा का शुद्ध लाभ

Nilmani Pal
22 Sep 2024 11:10 AM GMT
सेक्टर-6 सोसाइटी ने कमाया 2 करोड़ से ज्यादा का शुद्ध लाभ
x

भिलाई bhilai news। भिलाई इस्पात संयंत्र के कार्मिकों की सबसे पुरानी एवं प्रतिष्ठित सहकारी संस्था इस्पात कर्मचारी को-ऑपरेटिव क्रेडिट सोसाइटी लिमिटेड सेक्टर-6 भिलाई नगर की 61 वीं वार्षिक आम सभा रविवार को सुबह 10:30 बजे से परशुराम भवन सेक्टर-2 में रखी गई। सोसाइटी के अध्यक्ष बृज बिहारी मिश्र ने संस्था की उपलब्धियों एवं वित्तीय स्थिति के बारे में अपने वार्षिक प्रतिवेदन में संस्था के सदस्यों को अवगत कराया। इस पर संस्था के सदस्यों ने संस्था की वित्तीय स्थिति पर हर्ष व्यक्त किया। आमसभा में वार्षिक प्रतिवेदन के अलावा अंकेक्षित वित्तीय पत्रक वर्ष 2023-24 का अनुमोदन,वर्ष 2025-26 के प्रस्तावित बजट का अनुमोदन एवं वर्ष 2023-24 के अनुपूरक बजट का अनुमोदन,व वर्ष 2023-24 का देय लाभांश का भी अनुमोदन किया गया। Bhilai Steel Plant

अध्यक्ष बृज बिहारी मिश्र ने आमसभा को बताया कि वर्ष 2023-24 का सकल लाभ 5 करोड़ 57 लाख 37 हजार 733 रुपए 60 पैसे और शुद्ध लाभ 2 करोड़, 8 लाख, 6 हजार 894 रूपए रहा जो गत वित्त वर्ष (2022-23) की तुलना में लगभग 30 लाख रुपए अधिक है.। संस्था के वर्तमान संचालक मंडल के सम्मिलित प्रयासों से गिरती सदस्य संख्या के बावजूद भी संस्था ने वित्त वर्ष 2023-24 में अपने व्यवसाय में उल्लेखनीय वृद्धि की है और सदस्यों का विश्वास बढ़ा है। वर्तमान में आकस्मिक ऋण की अधिकतम सीमा 3 लाख और नियमित ऋण की अधिकतम सीमा 10 लाख है। 5 लाख तक नियमित ऋण लेने पर बीमा पॉलिसी को मोर्टगेज करने के पूर्व ऋण नियम को समाप्त कर दिया गया है। उन्होंने आमसभा के समक्ष 9 प्रतिशत लाभांश देने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि कुटुम्ब सहायता योजना के अंतर्गत 465 प्रकरणों में 42 लाख 26 हजार रुपए प्रदान किए गए। आय-व्यय का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि वर्ष 2024-25 के लिए अनुमोदित बजट 5 करोड़ 58 लाख 72 हजार रुपए तथा वित्त वर्ष 2024-2025 का प्रस्तावित बजट 5 करोड़ 52 लाख 68 हजार रुपए है।

अध्यक्ष मिश्र ने बताया कि सोसाइटी में वर्तमान में वित्त वर्ष 2023-24 की समाप्ति पर कुल 33 हजार 198 सदस्य हैं, जिनमें 31 हजार 201 सदस्य कुटुम्ब सहायक योजना के अंतर्गत शामिल हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में बीएसपी के 65 नए कर्मी सदस्य बने हैं। इस प्रकार वर्षांत 31 मार्च 2024 को वास्तविक सदस्य संख्या 4 हजार 298 हैं। उन्होंने बताया कि स्वाभाविक सेवानिवृत्ति व विभिन्न कारणों से 28 हजार 900 सदस्यता समाप्त हुई है। उन्होंने बताया कि 2023-24 में कुल अंश पूंजी 4 करोड़,62 लाख,93 हजार 367 रूपए है। इसी तरह वर्ष 2023-24 में सदस्यों को कुल 15 करोड़ 91लाख, 36 हजार 187 रूपए का ऋण वितरित किया गया एवं वसूली के रूप में 15 करोड़, 13 लाख, 96 हजार 593 रूपए हासिल हुए। उन्होंने बताया कि 31 मार्च 2024 पर सोसाइटी का बैंकों में सावधि निक्षेप 16 करोड़ 35 लाख रूपए है। वहीं सोसाइटी ने मध्यप्रदेश राज्य विकास निगम में 10 हजार का विनियोग किया और केंद्रीय सहकारी अधिकोष में एक हजार रूपए के अंश क्रय किए हैं। इसके अलावा सोसाइटी ने दंतेश्वरी मैय्या सहकारी शक्कर कारखाना के 5 लाख 5 हजार रूपए के अंश क्रय किए हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023-24 में सोसाइटी से जुड़े 14 सदस्यों का निधन हो गया। इन्हें श्रद्धांजलि दी गई।

मंच पर संस्था की उपाध्यक्ष श्रीमती इंदरजीत कौर,अमिताभ वर्मा व संचालक मंडल के सदस्यगण वी के वासनिक,के.पी.चंद्राकर,पवन कुमार साहू,श्रीमती नीरजा शर्मा,जे.के.गहिने, हरिराम यादव एवं संस्था के प्रतिनिधिगण शैलेश कुमार सिंह,सुनील कुमार शर्मा एवं तरुण कुमार ध्रुव की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का संचालन प्रबंधक एम.मुरलीधर ने तथा आभार प्रदर्शन संस्था की उपाध्यक्ष श्रीमती इंदरजीत कौर ने व्यक्त किया।आमसभा में संस्था के विकास एवं सदस्यों के हितार्थ कई अन्य महत्वपूर्ण सुझाव भी सदस्यों से प्राप्त हुए। जिन्हें परीक्षण पश्चात भविष्य में लागू करने का निर्णय लिया गया।

Next Story