छत्तीसगढ़

SECL कर्मी के बेटे की मौत, नदी में डूबा

Nilmani Pal
13 May 2026 12:43 PM IST
SECL कर्मी के बेटे की मौत, नदी में डूबा
x

कोरबा। एसईसीएल कुसमुंडा में डंपर ऑपरेटर के रूप में कार्यरत निर्मल सिंह ठाकुर का बेटा निखिल सिंह मंगलवार दोपहर अपने दोस्तों के साथ विकास नगर आईबीपी क्षेत्र स्थित एनटीपीसी रेलवे पुल के नीचे अहिरन नदी में नहाने गया था। बताया जा रहा है कि उसके कुछ दोस्तों ने पहले पुल के पास ऊंचाई से नदी में छलांग लगाई। उन्हें देखकर निखिल ने भी नदी में छलांग लगा दी। उसके साथी किसी तरह तैरकर बाहर निकल आए, लेकिन काफी देर तक निखिल पानी से बाहर नहीं आया।

घबराए दोस्तों ने तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी। कुसमुंडा पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों को बुलाकर खोजबीन शुरू कराई। कई घंटों तक नदी में तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल पाया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि एनटीपीसी पुल के नीचे बहने वाली अहिरन नदी का यह हिस्सा काफी गहरा है और पहले भी यहां कई हादसे हो चुके हैं। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से न तो चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही किसी प्रकार की बैरिकेडिंग की गई है। गर्मी के दिनों में बड़ी संख्या में लोग यहां नहाने पहुंचते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

Next Story