छत्तीसगढ़

अफीम कांड का खुलासा करने वाला सरपंच गिरफ्तार, व्हाट्सएप स्टेटस ने पहुंचाया जेल

Shantanu Roy
8 Nov 2026 9:17 PM IST
अफीम कांड का खुलासा करने वाला सरपंच गिरफ्तार, व्हाट्सएप स्टेटस ने पहुंचाया जेल
x
छग
Durg. दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में चर्चित समोदा अफीम कांड का खुलासा करने में अहम भूमिका निभाने वाले सरपंच अरुण गौतम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कभी अवैध अफीम की खेती की जानकारी देकर प्रशासन की मदद करने वाले सरपंच अब खुद कानूनी कार्रवाई के घेरे में आ गए हैं। उन पर प्रशासनिक और राजस्व अधिकारियों के खिलाफ व्हाट्सएप स्टेटस पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर उनका मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। वहीं, पूर्व में बाउंड ओवर की गई शर्तों का उल्लंघन करने के मामले में एसडीएम न्यायालय में प्रतिवेदन पेश किए जाने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार, समोदा गांव के सरपंच अरुण गौतम के खिलाफ स्थानीय निवासी जितेंद्र देशमुख ने शिकायत की थी। इसके अलावा एसडीएम दुर्ग की ओर से भी पुलिस को ज्ञापन भेजा गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि सरपंच ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर प्रशासनिक और राजस्व अधिकारियों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। इसके बाद पुलगांव थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की।
व्हाट्सएप स्टेटस पर टिप्पणी करना पड़ा भारी
पुलिस के मुताबिक, सरपंच अरुण गौतम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप के स्टेटस पर अधिकारियों के खिलाफ कथित रूप से विवादित सामग्री साझा की थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 के तहत अपराध दर्ज किया। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सरपंच का मोबाइल फोन भी जब्त किया है। शिकायत में लगाए गए आरोपों और डिजिटल सामग्री को लेकर जांच की कार्रवाई की जा रही है।
बाउंड ओवर की शर्तों के उल्लंघन पर कार्रवाई
बताया जा रहा है कि पुराने विवादों के चलते सरपंच अरुण गौतम को पहले बाउंड ओवर कराया गया था। इसके तहत उन्हें निर्धारित शर्तों का पालन करना था। हालांकि, प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ दोबारा विवादित टिप्पणी करने के आरोप को इन शर्तों का उल्लंघन माना गया। इसके बाद पुलिस और प्रशासन की ओर से एसडीएम न्यायालय में प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। मामले में कार्रवाई करते हुए सरपंच को जेल भेज दिया गया। इसे प्रदेश में बाउंड ओवर की शर्तों के उल्लंघन पर जेल भेजने के पहले बड़े मामलों में से एक बताया जा रहा है।
मार्च में हुआ था समोदा अफीम कांड का खुलासा
सरपंच अरुण गौतम का नाम मार्च 2026 में सामने आए चर्चित समोदा अफीम कांड से जुड़ा रहा है। उस समय समोदा गांव में बड़े पैमाने पर अवैध अफीम की खेती का खुलासा हुआ था। खेतों में लाखों अफीम के पौधे लगाए जाने का मामला सामने आने के बाद पुलिस और प्रशासन ने कार्रवाई की थी। इस अवैध खेती की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने में सरपंच अरुण गौतम की महत्वपूर्ण भूमिका बताई गई थी। उनकी सूचना के आधार पर सामने आए मामले में पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई थी। बाद में आठ आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट भी पेश की गई थी।
पहले प्रशासन की मदद की, अब खुद पहुंचे जेल
समोदा अफीम कांड के खुलासे के बाद अरुण गौतम चर्चा में आए थे। अब अधिकारियों पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने और बाउंड ओवर की शर्तों के उल्लंघन के आरोप में उनकी गिरफ्तारी ने एक बार फिर मामले को चर्चा में ला दिया है। फिलहाल पुलिस ने सरपंच के खिलाफ दर्ज प्रकरण में मोबाइल जब्त कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, बाउंड ओवर की शर्तों के उल्लंघन के मामले में उन्हें जेल भेजे जाने की कार्रवाई की गई है।
Next Story