छत्तीसगढ़
कोरबा में फिर गरमाया धार्मिक विवाद, चर्च में बवाल के बाद पुलिस पहुंची
Shantanu Roy
8 Nov 2026 6:10 PM IST

x
छग
Korba. कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में चर्च के अंदर विवाद और मारपीट की घटना के बाद तनाव की स्थिति बन गई। रजगामार स्थित चर्च में हिंदू संगठन से जुड़े कुछ लोगों के घुसने और महिलाओं के साथ हुज्जतबाजी करने का आरोप लगाया गया है। विवाद बढ़ने के बाद मारपीट हुई, जिसमें एक युवक की जमकर पिटाई किए जाने की जानकारी सामने आई है। घटना से नाराज मसीही समुदाय के लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर चक्काजाम कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त कराया गया। जानकारी के मुताबिक, पूरा मामला कोरबा जिले के रजगामार चौकी क्षेत्र का है। यहां स्थित चर्च में कुछ लोगों के पहुंचने के बाद विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि हिंदू संगठन से जुड़े कुछ लोग चर्च के अंदर दाखिल हुए और वहां मौजूद महिलाओं के साथ हुज्जतबाजी करने लगे। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। इस दौरान एक युवक के साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आई है।
मारपीट के बाद सड़क पर उतरा मसीही समुदाय
घटना की जानकारी फैलते ही मसीही समुदाय के लोगों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग सड़क पर पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। प्रदर्शनकारियों ने धरना देकर नारेबाजी की और चक्काजाम शुरू कर दिया। इसके कारण कोरबा-रजगामार मार्ग पर काफी देर तक आवागमन प्रभावित रहा। सड़क पर प्रदर्शन के चलते राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
चक्काजाम और तनाव की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और दोनों पक्षों से जुड़े घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाइश दी और शिकायत के आधार पर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया और सड़क पर आवागमन बहाल हुआ।
शिकायत के आधार पर होगी कार्रवाई
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस अधिकारियों ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली है। उन्होंने कहा कि शिकायत प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल लोगों को समझाइश देकर चक्काजाम समाप्त करा दिया गया है।
पहले भी धर्म परिवर्तन के आरोप पर हुआ था विवाद
बताया जा रहा है कि कुछ दिनों पहले भी रजगामार क्षेत्र में धर्म परिवर्तन का आरोप लगाते हुए विवाद हुआ था। उस समय भी मामला तनावपूर्ण हो गया था और पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा था। अब चर्च में हुई मारपीट की घटना के बाद एक बार फिर क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और शिकायत के आधार पर जांच की कार्रवाई की जा रही है।
Next Story





